)
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद राजधानी पटना में अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी है. दीपावली के त्योहार को देखते हुए शराब तस्करों ने बड़े पैमाने पर विदेशी शराब की खेप खपाने की तैयारी की थी, लेकिन पटना पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. पूरा मामला पटना सिटी के नदी थाना क्षेत्र का है. यहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. बताया जा रहा है कि शराब तस्कर एक ट्रक से विदेशी शराब उतारकर कुरियर कंपनी की गाड़ी में लोड कर रहे थे. इसके बाद शराब को दूसरे स्थान पर भेजने की योजना थी.
इसी दौरान पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर कुल 135 कार्टून विदेशी शराब जब्त की. पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक और कुरियर कंपनी की गाड़ी को भी जब्त कर लिया है. कार्रवाई के दौरान प्रेम कुमार नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे कारोबार की जांच की जा रही है.
वहीं, वैशाली में एसएसपी शुभांक मिश्रा के ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है. बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत बगुलिया गाछी में वैशाली पुलिस और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 119.30 ग्राम कोटा और 12 लाख 33 हजार से ज्यादा कैश बरामद किया है, साथ ही पति-पत्नी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 2 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर बिदुपुर थाना अंतर्गत माइल पंचायत के बगुलिया गाछी स्थित दो कमरे वाले मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली गई.
पुलिस के मुताबिक, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में करीब साढ़े तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला. तलाशी के दौरान पुलिस टीम को मकान से लगभग 119.30 ग्राम कोटा, 3 मोबाइल और 12 लाख 33 हजार 160 रुपये नकद बरामद हुए. ऐसा माना जा रहा है कि बरामद की गई नकदी अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार से आई है. मौके से पुलिस ने पवन ठाकुर, उसके पुत्र नीरज कुमार और नीरज कुमार की पत्नी भानु कुमारी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि ये लोग असम से माल लाकर वैशाली और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे.
पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा और वैशाली से राजकुमार सिंह की रिपोर्ट