)
भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी और केयरटेकर वरुण को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है. भोपाल लाते समय मुगलिया छाप इलाके में आरोपी ने पुलिस से झूमाझटकी की और भागने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई और शॉर्ट एनकाउंटर में आरोपी के पैर में गोली लगी है. घायल आरोपी वरुण को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज जारी है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी को आगरा में गिरफ्तार करने के बाद भोपाल लाया जा रहा था. मुगलिया छाप के पास उसने भागने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस के साथ उसकी थोड़ी मुठभेड़ हो गई और पुलिस को शॉर्ट एनकाउंटर करना पड़ा.
रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के आरोपी केयरटेकर के शॉर्ट एनकाउंटर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भोपाल में IAS अधिकारी से जुड़ी इस घटना के आरोपी के खिलाफ आज कार्रवाई की गई है. सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी. सरकार की कोशिश रहेगी कि ऐसी घटनाएं न हों. लेकिन अगर फिर भी कोई ऐसी घटना होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि 30 सितंबर की रात भोपाल के सूरज नगर में रिटायर्ड IAS अफसर राकेश अग्रवाल की गला काटकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने उनके ही केयरटेकर वरुण कुमार को मुख्य आरोपी बनाया था. हत्या के बाद से वरुण फरार था. उसे पकड़ने के लिए पुलिस की स्पेशल टीम बनाई गई थी. करीब एक महीने तक फरार रहने के बाद पुलिस ने उसे आगरा से गिरफ्तार कर लिया है.
भोपाल पुलिस की कई टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही थीं. पुलिस ने ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और पंजाब सहित कई जगहों पर उसकी तलाश की थी. इस दौरान पुलिस को उसके कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले थे, लेकिन वह हर बार पुलिस की पकड़ से बच निकलने में कामयाब रहा. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था. फरार आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले के लिए 50,000 रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई.