ट्रक, ट्रैक्टर और टेंपो की टक्कर, कटिहार में सड़क हादसे ने छीनी 3 जिंदगियां, घर के चिराग बुझने से पसरा मातम
कटिहार के बखरी मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. टेंपो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है. बताया जा रहा है कि ट्रक, शौचालय सफाई ट्रैक्टर और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हुई. हादसे में ट्रैक्टर पलटा और टेंपो के परखच्चे उड़े गए.
कटिहार जिला के पोठिया थाना क्षेत्र के बखरी मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के समीप बुधवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में टेंपो सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. हादसा ट्रक, शौचालय सफाई वाहन (ट्रैक्टर) और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर होने से हुआ.
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया, जबकि टेंपो के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पोठिया पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. घायल व्यक्ति को इलाज के लिए समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. हादसे में तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.
गया में ट्रक की चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों में मचा चीत्कार
गया जिला के शेरघाटी अनुमंडल के डोभी थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा मोड़ के समीप जीटी रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में 6 वर्षीय एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में चीत्कार मच गया. आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक जीटी रोड जाम रखा.
मृतक झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र के गढ़वाल गांव का रहने वाला था. महिला अपने दो बच्चों के साथ छठ पर्व संपन्न होने के बाद अपने मायके बांकेबाजार के विशुनपुर से ससुराल लौट रही थी. मृतक बच्चे की पहचान रामखेलावन पासवान के 6 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है. इसी दौरान वह डोभी चतरा मोड़ के समीप भारत पेट्रोल पंप के पास ऑटो से उतरकर बच्चों के साथ सड़क पार कर रही थी. तभी तेज रफ्तार से आ रहे आलू लदे ट्रक की चपेट में एक बच्चा आ गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक बच्चे को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया. आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक ट्रक को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे. हादसे से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुआवजे की मांग की.
सूचना मिलते ही शेरघाटी-2 के एसडीपीओ, डोभी थाने की पुलिस, डोभी बीडीओ और सीओ घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया. काफी देर बाद जाम पर काबू पाया गया.
रिपोर्ट: रंजन कुमार
यह भी पढ़ें: सारण में ट्रैक्टर से कुचलकर 45 वर्षीय अशोक सिंह की मौत, दो युवकों के विवाद में गई निर्दोष की जान