App

सारण में ट्रैक्टर से कुचलकर 45 वर्षीय अशोक सिंह की मौत, दो युवकों के विवाद में गई निर्दोष की जान

सारण जिले के मढ़ौरा में दो युवकों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि एक युवक ने ट्रैक्टर से कुचलकर 45 वर्षीय अशोक सिंह की जान ले ली. छठ पूजा पर गांव आए अशोक की मौत से परिवार में मातम पसरा है.

सारण में ट्रैक्टर से कुचलकर 45 वर्षीय अशोक सिंह की मौत, दो युवकों के विवाद में गई निर्दोष की जान
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा में ट्रैक्टर से कुचलकर एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है. दो युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई. आरोप है कि विवाद के बाद मौके पर पहुंचे एक युवक ने ट्रैक्टर से कुचलकर अशोक सिंह की हत्या कर दिया. इस घटना गौरा थाना क्षेत्र के सलिमापुर गांव की है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं, मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.

विवाद के बाद ट्रैक्टर लेकर पहुंचा युवक

मिली जानकारी के अनुसार, विभय कुमार और अमन कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह मामले को शांत करा दिया. हालांकि, विवाद खत्म होने के कुछ देर बाद मामला फिर से गंभीर हो गया. आरोप है कि विभय कुमार ने अपने भाई उज्ज्वल को फोन कर मौके पर बुलाया. इसके बाद उज्ज्वल ट्रैक्टर लेकर अशोक सिंह के दरवाजे पर पहुंच गया. वहां मौजूद लोगों के बीच वह ट्रैक्टर घुमाने लगा. इसी दौरान दरवाजे पर खड़े अशोक सिंह ट्रैक्टर की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में अशोक सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अशोक सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. जिस घर में छठ पूजा को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया.

छठ पर गांव आए थे अशोक सिंह

बताया जाता है कि अशोक सिंह हैदराबाद में रहकर काम करते थे. छठ पूजा के अवसर पर वह अपनी पत्नी विभा देवी के साथ गांव आए थे. इसी वर्ष मई महीने में उनकी बेटी की शादी हुई थी. परिवार के लोग पर्व के अवसर पर एक साथ समय बिता रहे थे, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने उनकी खुशियां छीन लीं. अशोक सिंह की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आरोपित की तलाश की जा रही है. घटना के पीछे की पूरी वजह जानने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है.

रिपोर्ट: जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More