)
Katihar News: बिहार के कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में NH-31 पर मंगलवार की सुबह ही अमंगल हो गया, जहां एक तेज रफ्तार गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बजरंगबली मंदिर से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर का पूरा ढांचा देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गया. मंदिर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा, ग्रिल, पंखा, इन्वर्टर और बिजली के सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए. यह घटना कुरसेला थाना क्षेत्र में रामपुर ग्वालटोली आदर्श ग्राम यादव टोली के समीप सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है. यह टैंकर नवगछिया की ओर से पूर्णिया की तरफ जा रहा था.
धमाके की आवाज से घरों से बाहर निकले लोग
टक्कर के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से और सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर को देखकर लोगों के होश उड़ गए. पूर्व जिला पार्षद गोपाल यादव के मुताबिक, टैंकर में एलपीजी भरी हुई थी. राहत की बात यह रही कि टक्कर के बावजूद गैस रिसाव या आग लगने की कोई बड़ी घटना नहीं हुई.
एलपीजी टैंकर में नहीं हुआ गैस रिसाव
हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. गोपाल यादव ने आशंका जताई कि चालक को नींद की झपकी आने, वाहन पर नियंत्रण खोने या किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ हो सकता है. ब्रेक फेल होने की आशंका की बात भी सामने आई है. हालांकि, वास्तविक कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. हादसे में टैंकर चालक को चोट आने की बात भी सामने आ रही है. सूचना मिलने पर कुरसेला थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
पुनर्निर्माण की उठी मांग
स्थानीय समाजसेवी मिथिलेश यादव ने कहा कि सड़क किनारे स्थित यह बजरंगबली मंदिर लंबे समय से लोगों की आस्था का केंद्र था. यहां नियमित रूप से पूजा-पाठ और कीर्तन-भजन होता था. हादसे के बाद मंदिर के पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से ग्रामीणों में नाराजगी के साथ-साथ दुख का भी माहौल है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन तथा वाहन मालिक से क्षतिग्रस्त मंदिर और प्रतिमा का विधि-विधान से पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. पूर्व जिला पार्षद गोपाल यादव ने भी मामले में संज्ञान लेते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग की है.
रिपोर्ट - रंजन कुमार