SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बेगूसराय में शादी से ठीक पहले चोरी, बंद घर का ताला तोड़कर 1.25 करोड़ के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

बेगूसराय में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर 1.25 करोड़ के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. शादी की खुशियों के बीच करोड़ों की चोरी से परिवार पर गमों का पहा़ड़ टूट पड़ा है.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Nov 19, 2026, 20:47 IST | Updated: Nov 19, 2026, 21:00 IST
Image Credit: बेगूसराय में करोड़ों की चोरी
Join

बेगूसराय में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है, जहां बेखौफ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये के सोने, हीरे और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. इतना ही नहीं, चोर घर में रखे 75 हजार रुपये नकद और जमीन के मूल कागजात भी लेकर फरार हो गए. चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. हैरानी की बात यह है कि परिवार 19 दिनों से घर में ताला लगाकर बाहर था और इसी दौरान चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.

बंद घर को चोरों ने बनाया अपना निशाना

दरअसल, पूरी घटना फुलवड़िया थाना क्षेत्र के पश्चिम मोहल्ले की है, जहां नगर परिषद बरौनी के वार्ड संख्या-7 निवासी हाजी अब्दुल मन्नान के पुत्र मोहम्मद सफदर अली के बंद घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया. परिजनों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने बेंगलुरु गए थे. 17 नवंबर की रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था. जब परिवार ने घर की तलाशी ली तो तीन गोदरेज अलमारियों के ताले और लॉकर टूटे मिले. अलमारियों में रखे सोने, हीरे और चांदी के कीमती जेवरात गायब थे.

चोरी किए गए सामान की कीमत करोड़ों में

चोर करीब 75 हजार रुपये नकद और जमीन के मूल कागजात भी अपने साथ ले गए. परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरी गए सामान में सोने के कई हार, दर्जनों अंगूठियां, चेन, कान के झुमके, हीरे की अंगूठियां और करीब एक किलो चांदी के जेवरात शामिल हैं. चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है. इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है. पीड़ित सफदर अली ने बताया कि चोरी हुए अधिकांश गहने उनकी मां, बहन और भाभी के थे. इनमें कई जेवरात पुश्तैनी भी हैं.

गम में बदली शादी की खुशियां

परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दुखद है, क्योंकि 24 नवंबर को सफदर अली की शादी होने वाली है और छोटी बहन की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं. शादी की खुशियों के बीच करोड़ों की चोरी ने परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है. थानाध्यक्ष के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है.

रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार, बेगूसराय

यह भी पढ़ें: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पुआल के नीचे सागौन की लकड़ी लोड करता पकड़ा गया वनकर्मी, मचा हड़कंप

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES