)
जेडीयू पार्टी में मोकामा से विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच झगड़ा बढ़ता जा रहा है. दोनों के बीच जारी बयानबाजी से बिहार विधान परिषद चुनाव का सियासी पारा चढ़ता जा रहा है. इससे पार्टी की छवि को भी नुकसान हो रहा है. डैमेज कंट्रोल करने के लिए अब पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय खुद मैदान में उतर चुके हैं. संजय झा ने पार्टी में सब कुछ ठीक होने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि पार्टी के वरीय नेता देख रहे हैं, जल्द ही इसका रास्ता निकाल लिया जाएगा. इस विषय पर एक निजी चैनल से बातचीत में संजय झा ने कहा कि पार्टी में यह सब होता रहता है. उन्होंने कहा कि जहां ज्यादा बर्तन होते हैं तो वे बजते रहते हैं.
संजय झा ने ललन सिंह की नाराजगी को भी सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा कि वे (ललन सिंह) पार्टी के सीनियर नेता हैं. पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं. पार्टी में कोई भी नीतिगत फैसला होता है, तो उनसे पूछकर ही सब निर्णय लिए जाते हैं. बता दें कि पार्टी के भीतर जारी तनातनी के बीच शनिवार (19 सितंबर) को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अचानक केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत हुई. इसके बाद ही ललन सिंह ने भी पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी या नाराजगी से इनकार किया था.
अनंत सिंह-नीरज कुमार में वार-पलटवार जारी
उधर, अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार का खुला विरोध किया है. उन्होंने साफ कहा है कि नीरज कुमार को हराने के लिए वो कुछ भी करेंगे. अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने हमेशा उनका विरोध किया है. विधानसभा चुनाव में वह (नीरज कुमार) उन्हें हराने का काम कर रहे थे. अनंत सिंह ने आगे आरोप लगाया कि एके-47 मामले में भी नीरज कुमार ने उन्हें फंसाया था. इस पर पलटवार करते हुए नीरज कुमार ने कहा है कि उन्होंने कभी कानून के विरोध में कोई काम नहीं किया है. अगर उनके (अनंत सिंह) कोई सबूत हैं तो न्यायालय में प्रस्तुत करें.