)
जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र के भगौन गांव से रहस्यमय तरीके से लापता हुई विवाहिता स्वाती कुमारी को पुलिस ने करीब 2,200 किलोमीटर दूर राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से सकुशल बरामद किया है. बताया जा रहा है कि महिला से वहां कपास के खेतों में मजदूरी कराई जा रही थी. मामले में उसे करीब 70 हजार रुपये में बेचे जाने की बात भी सामने आई है. चकाई पुलिस की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बरामद किया और वापस लेकर आई.
मामले को लेकर पीड़िता के पिता कटी दास ने बेटी के लापता होने के बाद चकाई थाने में आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुलिस को महिला की लोकेशन राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में मिली. इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की और उसे राजस्थान भेजा. वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से महिला की तलाश शुरू की गई.
जमुई के SP विश्वजीत दयाल ने बताया कि महिला के लापता होने को लेकर चकाई थाने में मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद विशेष टीम गठित कर मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से जांच की गई. जांच के दौरान महिला के राजस्थान के श्रीगंगानगर में होने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और कपास के खेतों में काम कर रही महिला को सकुशल बरामद कर लिया. उन्होंने बताया कि बरामद महिला को कोर्ट में हाजिर किया गया. न्यायालय के आदेश के बाद उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया.
70 हजार रुपये में बेचने के आरोप की जांच
फिलहाल, पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. महिला को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाने और कथित तौर पर 70 हजार रुपये में बेचे जाने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है. इसके साथ ही फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए महिला से संपर्क होने के पहलू की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को जमुई से राजस्थान तक कौन और किन परिस्थितियों में लेकर गया था. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला