App

भागलपुर में 80 से अधिक काली प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, अलर्ट पर प्रशासन

भागलपुर में मां काली की विदाई का भव्य आयोजन शुरू हो गया है. 36 घंटों तक चलने वाले इस जुलूस में 80 से अधिक प्रतिमाएं शामिल होंगी. पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. मुस्लिम समुदाय के लोग भी इसमें सहयोग दे रहे हैं.

भागलपुर में 80 से अधिक काली प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, अलर्ट पर प्रशासन
Image Credit: भागलपुर मां काली विसर्जन (जी मीडिया)

भागलपुर में मां काली की विदाई का सिलसिला शुरू हो चुका है. शहर की सड़कों पर अगले 36 घंटे तक आस्था, भक्ति और भव्यता का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा. बिहार में सबसे लंबे समय तक चलने वाली काली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्राओं में शामिल भागलपुर की इस ऐतिहासिक परंपरा की शुरुआत मंगलवार की रात करीब साढ़े सात बजे हुई. सबसे पहले परबत्ती की प्रसिद्ध बूढ़िया काली महारानी की प्रतिमा निकली, जो शहर की करीब 80 प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा का नेतृत्व करती हैं. 

करतब दिखाकर बढ़ाया लोगों का उत्साह

हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस शोभायात्रा में शामिल हुए. जगह-जगह युवाओं ने पारंपरिक करतब दिखाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया. ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भक्ति गीतों के बीच पूरी रात शहर की सड़कें भक्तिमय माहौल में डूबी रहीं. रात करीब ढाई बजे जब शोभायात्रा स्टेशन चौक पहुंची, तो पूरा इलाका मां काली के जयकारों से गूंज उठा. यहां केंद्रीय काली पूजा समिति की महिला सदस्यों ने मां की प्रतिमा की आरती उतारी. इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में प्रतिमा को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया गया.

गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर

खास बात यह रही कि इस पूरी शोभायात्रा में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली. मुस्लिम कमेटियों और अंजुमन कमेटी के सदस्य भी लगातार जुलूस में शामिल होकर व्यवस्था संभालने और श्रद्धालुओं को सहयोग करते नजर आए.

जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

इधर, 36 घंटे से अधिक समय तक चलने वाली इस विशाल शोभायात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक लगातार स्थिति की मॉनीटरिंग कर रहे हैं. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक पुलिस, बिहार पुलिस के जवानों और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. अलग-अलग स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि क्विक रिस्पांस टीम यानी क्यूआरटी लगातार सड़कों पर भ्रमणशील है. 

36 घंटे से भी अधिक चलती है शोभायात्रा

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि प्रशासन लगातार शोभायात्रा की निगरानी कर रहा है. अब तक विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. चूंकि यह शोभायात्रा 36 घंटे से भी अधिक समय तक चलती है, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. केंद्रीय पुलिस बल के साथ विभिन्न थानों की पुलिस और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि पूरी यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.

कृत्रिम तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन

बता दें कि भागलपुर की काली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा अपनी भव्यता और लंबी अवधि के लिए अलग पहचान रखती है. शहरी क्षेत्र की 80 से अधिक प्रतिमाएं एक के बाद एक कतारबद्ध तरीके से विसर्जन घाट की ओर बढ़ती हैं. परबत्ती की बूढ़िया काली महारानी के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा शहर के अलग-अलग मार्गों से गुजरते हुए गंगा घाट पहुंचेगी, जहां प्रशासन की ओर से बनाए गए कृत्रिम तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा.

भाईचारे-सामाजिक एकता की तस्वीर

इस दौरान भागलपुर की सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा भी देखने को मिलती है. मुस्लिम समाज के लोग भी इस शोभायात्रा में शामिल होकर सहयोग करते हैं. यानी मां काली की विदाई के इस उत्सव में आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की तस्वीर भी सामने आती है. फिलहाल पूरा शहर मां काली की भक्ति में सराबोर है और प्रशासन की निगरानी में विसर्जन यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है.

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More