बिहार में मध्यमा पास छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई होगी आसान... जानें क्या है तैयारी
बिहार में मध्यमा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्लस टू (इंटरमीडिएट) स्तर की पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार पहल करने जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, इसके लिए बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के माध्यम से आगे की पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी.
बिहार के छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने मध्यमा की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्लस यानी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई करने का रास्ता साफ करने की तैयारी शुरू कर दी है. इस योजना के लागू होने से उन हजारों छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा जो मध्यमा की परीक्षा पास करने के बाद आगे की पढ़ाई को लेकर परेशान रहते थे.
एक्ट में किया जाएगा जरूरी बदलाव
मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना को पूरी तरह से लागू करने के लिए सरकार संबंधित अधिनियम (Act) में जरूरी संशोधन किया जाएगा. बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड (Bihar Sanskrit Shiksha Board) के माध्यम से छात्रों के लिए प्लस टू स्तर की पढ़ाई की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए कानूनी प्रावधानों में जो भी बदलाव जरूरी होंगे, उन्हें जल्द ही पूरा किया जाएगा ताकि छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
बैठक में हुआ था बड़ा फैसला
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले शिक्षा विभाग के मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक हुई थी. इस बैठक में मध्यमा पास छात्रों की उच्च शिक्षा के इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल करीब 24 हजार विद्यार्थियों ने मध्यमा की परीक्षा पास की थी. इन सभी छात्रों को आगे की पढ़ाई जारी रखने का बेहतरीन अवसर मिले, इसी के लिए इस योजना पर तेजी से विचार किया जा रहा है.इस नई व्यवस्था के शुरू होने से मध्यमा के छात्र बिना किसी रुकावट के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे.
यह भी पढ़ें: नेपाल से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जा रही थी चरस, मुजफ्फरपुर में DRI और बिहार STF ने तस्करों को दबोचा
संस्कृत विद्यालयों और मदरसों की होगी जांच
शिक्षा विभाग ने एक और बड़ा कदम उठाया है. विभाग ने संबंधित अधिकारियों को यह सख्त निर्देश दिया है कि वे राज्य के सभी संस्कृत विद्यालयों और मदरसों की ठीक से जांच करें. जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट एक महीने के भीतर विभाग को सौंपनी होगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था में और अधिक पारदर्शिता लाई जा सके. सरकार का यह कदम राज्य में शिक्षा के स्तर को सुधारने और छात्रों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हो सकता है.
-प्रेस रिलीज