)
दीपावली के त्योहार से पहले राजधानी पटना में मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने पटना के बैरिया इलाके में स्थित एक मिठाई बनाने वाली फैक्ट्री में छापेमारी कर करीब 21 लाख रुपये की मिठाइयां जब्त की हैं. मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में बिना FSSAI लाइसेंस के मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था. आशंका है कि दीपावली के मौके पर इन मिठाइयों को पटना के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी थी.

त्योहार के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं. लोगों की सेहत से खिलवाड़ की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है. इस कार्रवाई के बाद मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. विभाग की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है.

इसे लेकर फ़ूड इंसपेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि बिहार के फूड सेफ्टी कमिश्नर कुमार रवि ने निरीक्षण टीमों को सख्त निर्देश दिए हैं. किसी भी स्थिति में ऐसी अनहाइजेनिक कारखाना नहीं चलेगा. केवल उन्हीं प्रतिष्ठानों को अपने उत्पाद बाजार में बेचने की अनुमति मिलेगी, जो उत्पादन प्रक्रिया और मिठाइयां बनाने के दौरान FSSAI के नियमों का पालन करते हैं. अगर कोई भी अनियमितता पाई जाती है, चाहे वह छोटी हो या बड़ी, तो उन उत्पादों की बिक्री रोक लगाना है. किसी को भी जन-स्वास्थ्य के साथ समझौता करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.

फ़ूड इंसपेक्टर ने कहा कि आम जनता से अपील करता हूं कि पैकेट बंद मिठाइयां खरीदते समय वे यह जरूर देख लें कि पैकेट पर निर्माता का नाम और पता, निर्माण की तारीख, एक्सपायरी डेट और उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री की सूची दी गई है या नहीं. अगर इस तरह की कोई शिकायत मिलती है, तो कृपया उसे संबंधित सहाय्य कार्यालय को उपलब्ध कराएं. नियमों के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने आगे बताया कि 'पवन स्वीट्स' पर छापेमारी की गई है, जो बड़ी पहाड़ी इलाके में गंगा प्रदूषण रोड पर स्थित है. ऐसा लगता है कि यह कारखाना हाल ही में यहां शिफ्ट की गई है, क्योंकि यह कोई पुरानी जगह नहीं लग रही है. फिलहाल इनके पास कोई वैध FSSAI लाइसेंस नहीं है. यहां से कई मिठाइयां जब्त की गई हैं- खास तौर पर मिल्क केक, डोडा और बर्फी. इन मिठाइयों को भारी मात्रा में जब्त किया गया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी गई है.
रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा