)
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्षी खेमे के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है. प्रदेशभर में बीजेपी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत सड़कों पर पदयात्राएं निकाली जा रही हैं. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस और 'इंडी' गठबंधन के कथित लोकतंत्र विरोधी एजेंडे और विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को अस्थिर करने की कोशिशों का पर्दाफाश करना है.
गोरखपुर-प्रयागराज में पदयात्राएं
इस अभियान के तहत आज गोरखपुर और प्रयागराज में पदयात्राएं निकाली जा रही हैं. गोरखपुर में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ' पदयात्रा का आगाज हो रहा है. इसकी कमान खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी संभाले हुए हैं.
विपक्ष पर उपमुख्यमंत्री का जोरदार प्रहार
वहीं दूसरी ओर, संगम नगरी प्रयागराज में पत्थर गिरजाघर से शहीद वॉल तक पदयात्रा निकाली जा रही है, जिसका नेतृत्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कर रहे हैं. इस अभियान को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस और विरोधी दल देश के लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ लगातार षड्यंत्र रच रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि इन पदयात्राओं के माध्यम से बीजेपी जनता के बीच जाकर विपक्ष की देशविरोधी नीतियों की कलई खोलेगी.
झूठा नैरेटिव गढ़ने की नाकाम कोशिश-राजभर
इतना ही नहीं, यूपी सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने भी विपक्षी दलों पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने दिल्ली में मुट्ठी भर लोगों को इकट्ठा कर देश के खिलाफ एक झूठा नैरेटिव गढ़ने की नाकाम कोशिश की थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की जनता सड़कों पर उतरकर इसका करारा जवाब दे रही है.
विपक्ष के रुख पर राज्य मंत्री ने उठाए सवाल
इसी क्रम में राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने भी विपक्ष के रुख पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतों की शह पर देश में अराजकता का माहौल बनाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि गोरखपुर की क्रांतिकारी धरती से बीजेपी और प्रदेश की जनता विपक्ष की इस अस्थिरता फैलाने वाली राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी.