)
मधुबनी के ऐतिहासिक राजा बलिराजगढ़ किला के पास झाड़ी में मिले एएसआई चंद्रमोहन सिंह के शव की पहचान करीब 42 घंटे बाद उनके परिजनों ने की है. शनिवार को परिजन दरभंगा डीएमसीएच पहुंचे, जहां मृतक के हाथ पर लिखे 'क्रांति' शब्द के आधार पर शव की पहचान की गई. शव की स्थिति इतनी खराब थी कि चेहरे से पहचान करना संभव नहीं हो सका.
मृतक चंद्रमोहन सिंह बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव के रहने वाले थे और मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित बलिराजगढ़ में एएसआई के पद पर प्रतिनियुक्त थे.
शव की पहचान के बाद परिजनों ने डीएनए जांच कराने की मांग की. इसके बाद तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने वीडियोग्राफी के बीच विशेष पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर बक्सर रवाना हो गए.
मृतक एएसआई चंद्रमोहन सिंह के भाई बलवीर राय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे उन्हें फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी. उन्होंने कहा कि दाह संस्कार के बाद परिवार के लोग इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे.
वहीं, मृतक एएसआई चंद्रमोहन सिंह के भाई ने मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और बाबूबरही थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है.
आपको बता दें कि गुरुवार की शाम करीब आठ बजे राजा बलिराजगढ़ किला की दक्षिणी चहारदीवारी से सटी झाड़ी में स्थानीय लोगों ने शव देखा था. मौके से पुलिस ने बैग, लैपटॉप, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कपड़े और एएसआई की सरकारी पिस्टल भी बरामद की थी. डीएमसीएच पोस्टमॉर्टम परिसर में बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार और बेंता थानाध्यक्ष विनय मिश्र पुलिस बल के साथ मौजूद रहे.
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि आखिर एएसआई चंद्रमोहन सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनका शव किला परिसर के पास झाड़ी में कैसे पहुंचा? फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार