App

सूर्यकुमार यादव का देसी अंदाज वायरल: पहले 21 गेंदों में कूटे 60 रन, फिर सरफराज खान के साथ जमीन पर बैठकर खाई मटन करी

भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धमाकेदार बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीत लिया. उन्होंने इसके बाद अपने साथी सरफराज खान के साथ देसी मटन करी और रोटी का लुत्फ उठाया.

सूर्यकुमार यादव का देसी अंदाज वायरल: पहले 21 गेंदों में कूटे 60 रन, फिर सरफराज खान के साथ जमीन पर बैठकर खाई मटन करी
Image Credit: सूर्यकुमार यादव और सरफराज खान. Screenshot

भारत के स्टार क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने वापसी के संकेत धांसू अंदाज में दे दिए हैं. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्ऱॉफी में मुंबई की कप्तानी करते हुए हैदराबाद के खिलाफ चौके-छक्कों की बारिश कर दी. सूर्या ने इस पारी के बाद जो किया, वह उनकी बल्लेबाजी से ज्यादा वायरल हो रहा. इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अपने साथी खिलाड़ी सरफराज खान के साथ देसी मटन करी और रोटी का लुत्फ उठाया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस उनकी सादगी की तारीफ कर रहे हैं.

जमीन बैठकर ताजी बनी रोटियां और मटन करी खाते हुए सूर्या ने सबका दिल जीत लिया. यह क्रिकेट मैदान और लग्जरी लाइफस्टाइल से दूर एक सुकून का पल था. सूर्या ने कहा भी कि उन्हें यह काफी पसंद है. कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस ग्राउंड में पूर्व भारतीय कप्तान ने अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया. उन्होंने 21 गेंद पर ही नाबाद 60 रन ठोक डाले. उनकी पारी की बदौलत मुंबई ने हैदराबाद से मिले 172 रन के टारगेट को तीन विकेट के नुकसान पर 41 गेंद बाकी रहते ही हासिल कर लिया.

 

 

सूर्या ने 15 गेंद पर लगाया अर्धशतक

सूर्या ने 285.71 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. इस दौरान छह चौके और पांच छक्के लगाए. उन्होंने सिर्फ 15 गेंद में अर्धशतक पूरा कर लिया. मुंबई ने 13.1 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन बनाकर मैच को जीत लिया. उनके अलावा सरफराज खान के भाई मुशीर खान ने 24 गेंद पर 51 और अंगकृष रघुवंशी ने 13 गेंद पर 27 रन बनाए. हार्दिक तमोरे ने 22 रन का योगदान दिया. इससे पहले हैदराबाद को 172 रन पर समेटने में मुंबई के गेंदबाज मैक्सवेल स्वामीनाथन ने अहम योगदान दिया. उन्होंने 23 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए.

वापसी की भूख बढ़ गई

मैच के बाद मटन करी खाने के अलावा सूर्या ने भारतीय टीम ने वापसी की इच्छा को लेकर भी बात की. उनका यह प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम से बाहर होने के बाद आया है. उन्होंने यह माना कि टी20 वर्ल्ड कप में टीम को जीत दिलाने के बाद बाहर होने से उन्हें काफी दुख हुआ था. उनकी वापसी को लेकर उम्मीद जताई और कहा कि चयनकर्ताओं के अपने कारण रहे होंगे. उनकी निराशा ने वापसी को लेकर इच्छा को और ज्यादा बढ़ा दिया. उनका कहना है कि उनमें जो राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाने की भूख पहले थी, वह अब वापस आ गई है और वह जानते हैं घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाना ही इसका एकमात्र तरीका है. सूर्या ने कहा कि अगर उन्हें वापसी करनी है तो उन्हें फिर से दरवाजा तोड़ना होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More