App

खुद को PMO और NIA का अधिकारी बताकर SSB मुख्यालय पहुंचा फर्जी अफसर गिरफ्तार, बगहा में कार से कई संदिग्ध पहचान पत्र बरामद

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित बुढ़डीह कला गांव का निवासी संजीव कुमार श्रीवास्तव गिरफ्तार. फर्जी अधिकारी बनकर बगहा में एसएसबी 21वीं बटालियन के कमांडेंट से मिलने पहुंचा था. कार पर सीआरपीएफ पुलिस का स्टीकर लगा था. तलाशी में कई संदिग्ध पहचान पत्र और दस्तावेज बरामद हुए.

खुद को PMO और NIA का अधिकारी बताकर SSB मुख्यालय पहुंचा फर्जी अफसर गिरफ्तार, बगहा में कार से कई संदिग्ध पहचान पत्र बरामद
Image Credit: फर्जी अधिकारी गिरफ्तार, कार से कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद (Photo- वीडियो ग्रैब)

बगहा के लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित एसएसबी 21वीं बटालियन मुख्यालय में बुधवार को उस समय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं, जब एक संदिग्ध व्यक्ति खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) का अधिकारी बताकर कमांडेंट से मिलने पहुंच गया. संदेह के आधार पर एसएसबी अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की. इसी दौरान तलाशी में उसकी कार से पीएमओ, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट के नाम से बने कई पहचान पत्र समेत अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए, जिसके बाद हड़कंप मच गया. बाद में एसएसबी ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल, इस शिकायत पर लौकरिया थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

एसएसबी 21वीं बटालियन की ओर से लौकरिया थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, संजीव कुमार श्रीवास्तव एसएसबी 21वीं बटालियन के आरपी गेट संख्या-1 पर पहुंचा. उसने कमांडेंट से मिलने की इच्छा जताते हुए खुद को पीएमओ और एनएससीएस से जुड़ा अधिकारी बताया. साथ ही दावा किया कि एनएससीएस में शामिल होने से पहले वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सहायक कमांडेंट के पद पर तैनात रहा है.

लिहाजा, संदेह होने के बाद एसएसबी अधिकारियों ने वास्तविक पहचान और मुख्यालय आने का उद्देश्य पूछा. हालांकि, वह अपने दावों के समर्थन में संतोषजनक प्रमाण पत्र या सबूत नहीं दे सका. यही वजह है कि संदिग्ध की कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: यूपी 53 एफएन 0122) की गहन तलाशी ली गई. कार पर सीआरपीएफ पुलिस का स्टीकर और भारत सरकार का लोगो लगा हुआ था. तलाशी में पीएमओ, एनआईए और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट के नाम से बने पहचान पत्र समेत कई संदिग्ध कागजात मिले. एसएसबी ने बरामद दस्तावेजों की सूची भी पुलिस को सौंपी है.

बताया जा रहा है कि इस फर्जी अधिकारी की गिरफ्तारी के मामले में एसएसबी 21वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट यशवंत कुमार ने लौकरिया थाने में लिखित आवेदन दिया है.

इस संबंध में लौकरिया थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि एसएसबी अधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर संजीव कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित बुढ़डीह कला गांव का निवासी है. उसके पिता का नाम स्वर्गीय वशिष्ठ नारायण श्रीवास्तव है. गिरफ्तार आरोपी को बगहा न्यायालय में भेजा गया. यहां से देर शाम उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. अब पुलिस बरामद दस्तावेजों और पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

रिपोर्ट: इमरान अजीज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More