App

दुबई से कॉल आया और फिर रेलवे ट्रैक पर मिला युवक-युवती का शव: 5 अक्टूबर से लापता थी शैली रानी, पटना पुलिस जांच में जुटी

पटना के कुम्हरार रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती का शव मिला है. शव मिलने से इलके में सनसनी मच गई. मृतिका के परिजनों का कहना है कि 5 अक्टूबर से शैली रानी लापता थी. पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी.

दुबई से कॉल आया और फिर रेलवे ट्रैक पर मिला युवक-युवती का शव: 5 अक्टूबर से लापता थी शैली रानी, पटना पुलिस जांच में जुटी
Image Credit: कुम्हरार रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती का शव मिलने से सनसनी (Photo- वीडियो ग्रैब)

बिहार की राजधानी पटना के कुम्हरार रेलवे ट्रैक पर 9 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को एक युवक और युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृत युवती की पहचान शैली रानी के रूप में हुई है. वह टीपीएस कॉलेज के पास की रहने वाली थी. वह ग्रेजुएशन की छात्रा थी. शैली रानी 5 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार से लापता थी. इस संबंध में कंकड़बाग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. वहीं, रेलवे ट्रैक पर मिले युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के चाचा विनय कुमार ने बताया कि शैली 5 अक्टूबर को कॉलेज में क्लास करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी खोजबीन की. मगर, उसका कोई पता नहीं चला. 9 अक्टूबर दिन शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया.

मृतका के चचेरे भाई मनोज कुमार के अनुसार, शैली रानी फॉर्म भरने के सिलसिले में एनआईटी गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई. दोस्तों और परिचितों से पूछताछ करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली. परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि लापता होने के तीन दिनों तक शैली रानी कहां थी, इसका पता पुलिस क्यों नहीं लगा सकी?

दुबई से आया था फोन, लोन के नाम पर मांगे गए पैसे
परिजनों ने बताया कि शैली रानी के लापता होने के बाद उनके पास दुबई से एक फोन कॉल आया था. फोन करने वाले ने खुद को दुबई से बताते हुए कहा कि शैली रानी ने 10 हजार रुपये का लोन लिया है. उसने पैसे न देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी. अब इस कॉल को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं.

पिता बोले- बेटी की हत्या कर शव ट्रैक पर फेंका गया
शैली रानी के पिता संजीव कुमार प्रजापति महावीर आरोग्य संस्थान में कर्मचारी हैं. उनका आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया है. उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है. शैली रानी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी. फिलहाल, राजेंद्र नगर टर्मिनल जीआरपी दोनों शवों से जुड़े इस मामले की जांच में जुटी है. युवक की पहचान, युवती की मौत का कारण और घटना की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट: प्रकाश सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More