'दो कचौड़ी, एक समोसा BPSSC का क्या भरोसा': दिल्ली की तरह पटना में दारोगा अभ्यर्थी लेकर पहुंचे ऐसा पोस्टर
बिहार की राजधानी पटना में दारोगा अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली जैसा नजारा नजर आया. यहां पर प्रदर्शन में दिल्ली की तरह नारे लगाए गए और पोस्टर दिखाए गए. जैसे- 'दो कचौड़ी, एक समोसा, BPSSC का क्या भरोसा!' और एक सुट्टा दो चाय बीपीएसएससी हाय-हाय.
'दो कचौड़ी, एक समोसा, BPSSC का क्या भरोसा!' 5 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार को बिहार की राजधानी पटना की सड़कें ऐसे ही नारों से गूंज उठी. हाथों में पोस्टर-बैनर और गुस्सा लिए हजारों दारोगा अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए. मौका था 1799 दारोगा बहाली प्रक्रिया की फिजिकल परीक्षा की तारीखों का फौरन ऐलान करने की मांग का और 1799 पदों पर दारोगा भर्ती के मेंस पेपर रद्द किए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का.
'गुस्साए अभ्यर्थी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए'
पटना के जेपी गोलंबर पर रोके जाने के बाद गुस्साए अभ्यर्थी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि मेंस परीक्षा रद्द किए जाने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.
प्रशासन के साथ नोकझोंक
प्रदर्शन के दौरान पुलिस औरअभ्यर्थियों के बीच काफी तीखी नोकझोंक भी हुई. अभ्यर्थियों का आरोप है कि आयोग भर्ती के नाम पर सिर्फ समय खींच रहा है, जिससे हजारों युवाओं की उम्र सीमा खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है. परीक्षा जब रद्द करनी थी, तो पहले ही कर देते. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग भर्ती परीक्षा रद्द के नाम पर अपनी नाकामी छिपाना चाह रही है.
गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन
पटना के गांधी मैदान से शुरू हुआ यह हुजूम सीधे मुख्यमंत्री आवास और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के दफ्तर का घेराव करने की तैयारी में था, लेकिन प्रशासन को जैसे ही इसकी भनक लगी, जेपी गोलंबर को मानो छावनी में तब्दील कर दिया गया. भारी पुलिस बल तैनात कर बड़े-बड़े बैरिकेड लगा दिए गए और मार्च कर रहे छात्रों को वहीं रोक लिया गया.
वहीं, अभ्यर्थियों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर आयोग ने जल्द ही उनकी मांग नहीं मानी, तो यह आंदोलन सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे बिहार में होगा.
दिल्ली में भी लगे थे इसी तरह के नारे
बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कुछ इसी तरह के नारे लगाए गए थे. साथ ही प्रदर्शन कर रहे छात्र ऐसे ही पोस्टर लेकर आए थे. जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.