)
Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले के सोनकी थाना क्षेत्र के मेकना बेदा गांव से एख वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि इस गांव में कब्रिस्तान तक जाने वाले रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति बन जा रही है. इस वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया है कि हिंदु समाज के लोगों ने रास्ते से जनाजा ले जाने से मना कर दिया है. वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए घटना की वास्तविक स्थिति बताई है.
रास्ता बंद होने से जनाजे को लेकर हुई परेशानी
मामले की पुष्टि करते हुए सदर एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि घटना 29 सितंबर की है. गांव के रहने वाले मोहम्मद आरिफ की मौत के बाद उनके जनाजे को कब्रिस्तान ले जाना था. जिस रास्ते से आमतौर पर जनाजा कब्रिस्तान तक ले जाया जाता था, वह निजी रास्ता बताया गया है. पुलिस के अनुसार, उस रास्ते पर कुछ घरों और मंदिर का निर्माण हो जाने के कारण रास्ता बंद हो गया था. इसी वजह से जनाजे को कब्रिस्तान ले जाने को लेकर परेशानी होने लगी.
पुलिस-मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया वैकल्पिक रास्ता
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था कराई, जिसके बाद जनाजे को कब्रिस्तान तक पहुंचाया गया. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और मौके पर किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर नजर रखी गई, ताकि विवाद को आगे बढ़ने से रोका जा सके.
स्थायी रास्ते की व्यवस्था कराने की तैयारी
एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा. एसडीएम सदर और स्थानीय प्रशासन के स्तर से कब्रिस्तान तक जाने के लिए स्थायी रास्ते की व्यवस्था कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. प्रशासन का प्रयास है कि रास्ते को लेकर भविष्य में किसी भी पक्ष को परेशानी न हो और इलाके में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार