)
भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में शुमार राजधानी एक्सप्रेस में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं. दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही 12424 राजधानी एक्सप्रेस के B9 कोच में सीट के पास गंदगी और बर्थ के आसपास कॉकरोच घूमते दिखाई देने का वीडियो सामने आया है. यात्रियों का आरोप है कि जिस ट्रेन में बेहतर सफाई और आरामदायक सफर का दावा किया जाता है, वहां इस तरह गंदगी और कीड़े मिलना रेलवे की लापरवाही को उजागर करता है. मिली जानकारी के अनुसार, B9 कोच की सीट नंबर 34 पर बिजेंद्र कुमार के नाम से बुक सीट के पास गंदगी मिली. यात्रियों ने इसका वीडियो बनाया, जिसमें बर्थ के आसपास कॉकरोच घूमता नजर आ रहा है. ट्रेन में मौजूद लोगों ने जब कॉकरोच को देखा तो कई यात्री घबरा गए. खासकर महिलाओं में इसे लेकर डर का माहौल बन गया.
गंदगी और कॉकरोच कैसे पहुंच गए?
कोच के अंदर गंदगी और कॉकरोच मिलने की घटना ने रेलवे की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में सफर करने वाले लोगों से प्रीमियम किराया लिया जाता है, ऐसे में उन्हें साफ-सुथरा और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए. कॉकरोच जैसे कीड़े न केवल यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं, बल्कि खाने-पीने के सामान और स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता पैदा करते हैं.
प्रीमियम ट्रेनों में भी इस तरह की स्थिति है तो...
ऐसा ही एक मामला पटना-पुणे एक्सप्रेस से भी सामने आया है. शायली सिंह नाम की एक महिला यात्री ने ट्रेन के अंदर कॉकरोच होने का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. महिला के अपने पोस्ट में लिखा है कि रात में कोच के अंदर हमारे बेड के पा कॉकरोच घूमता रहा, जिसके कारण वह ठीक से सो तक नहीं सकीं. दो अलग-अलग ट्रेनों से सामने आई इन घटनाओं ने रेलवे की साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यात्रियों का सवाल है कि जब प्रीमियम ट्रेनों में भी इस तरह की स्थिति है तो रेलवे की सफाई व्यवस्था की निगरानी आखिर किस स्तर पर हो रही है? राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन में कॉकरोच और गंदगी का वीडियो सामने आना रेलवे की व्यवस्था के लिए बड़ा सवाल है. अब देखना होगा कि रेलवे इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और यात्रियों को साफ-सुथरा सफर उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.
रिपोर्ट: इश्तेयाक खान