SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में 5 साल में 1 करोड़ लोगों को नौकरी-रोजगार, सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. समृद्ध और विकसित बिहार बनाने के लिए राज्य सरकार तेज गति से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि निवेशकों को 30 दिनों के भीतर स्वीकृति मिलेगी, निर्धारित समय में निर्णय नहीं होने पर 31वें दिन स्वतः स्वीकृति (Deemed Approval) का प्रावधान है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 20, 2026, 17:13 IST | Updated: Nov 20, 2026, 17:32 IST
Image Credit: बिहार बनेगा निवेश का नया हब, 11 हजार मेगावाट बिजली के लिए हुआ समझौता (Z News)
Join

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 20 नवंबर शुक्रवार को होटल मौर्या में उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग की तरफ से संयुक्त रूप से आयोजित 'उद्यमियों से संवाद' और 'एमओयू एक्सचेंज' समारोह में शामिल हुए. कार्यक्रम में 2 लाख 25 हजार करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव को लेकर उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग और उद्योग जगत की कई कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एमओयू का हस्तांतरण किया गया. एमओयू करने वाले प्रमुख संस्थान, इस प्रकार हैं.

निवेश प्रस्तावों की सूची

क्रम संख्याकंपनी / संस्था का नामनिवेश राशि
1अडानी हाइड्रो एनर्जी 7 लिमिटेड₹9,900 करोड़
2अडानी हाइड्रो एनर्जी 15 लिमिटेड₹9,900 करोड़
3टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्रा. लि.₹7,684.94 करोड़
4ग्रीनको एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड₹5,400 करोड़
5एनटीपीसी लिमिटेड (NTPC Limited)₹70,000 करोड़
6न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड₹70,000 करोड़
7फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया₹12,500 करोड़
8सीटीआरएलएस (CTRLS)₹10,000 करोड़
9रेनवियन (रामकी ग्रुप)₹10,000 करोड़
10SAEL इंडस्ट्रीज लिमिटेड₹4,000 करोड़
11सीपीए प्राइवेट लिमिटेड₹3,500 करोड़
12रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री लिमिटेड₹3,000 करोड़
13राणा होल्डिंग लिमिटेड₹3,000 करोड़
14बगमेनिया सेमीकॉन₹2,000 करोड़
15किविसा ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड₹1,200 करोड़
 कुल निवेश₹2,22,084.94 करोड़

नोट: कुल राशि दी गई सभी 15 निवेश राशियों को जोड़कर निकाली गई है.

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'उद्यमियों से संवाद' और 'एमओयू एक्सचेंज' समारोह में आप सभी लोगों का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत करता हूं. विशेष रूप से सभी निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का स्वागत करता हूं और आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि बिहार पूरी तरह तैयार है. आप बिहार पर विश्वास करें, खुले दिल और दिमाग से बिहार में उद्योग को बढ़ायें और बिहार की प्रगति में अपना योगदान दें. उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से आगे बढ़ना चाहता है. राज्य सरकार का संकल्प बिहार को देश के सबसे तेज गति से औद्योगिक विकास करने वाले राज्यों में शामिल करना है. राज्य में 2.25 लाख करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव राज्य के प्रति उद्यमियों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. हमारा लक्ष्य समृद्ध बिहार का निर्माण करना है. प्राचीन काल में भी बिहार ने भारत को स्वर्ण युग दिया है. आज आवश्यकता है कि हम अपनी ऐतिहासिक विरासत, प्रतिभा और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की नई इबारत लिखें.

सीएम ने कहा कि बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां पानी और जनसंख्या रही हैं. अब इन्हीं को राज्य की ताकत में बदलने का प्रयास किया जा रहा है. उत्तर बिहार की नदियों से निकलने वाली गाद के वैज्ञानिक प्रबंधन और उसके निर्माण कार्यों में उपयोग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है. बिहार में गाद नीति बनायी गयी है. इससे एक ओर नदियों की गाद की समस्या का समाधान होगा. वहीं, दूसरी ओर निर्माण कार्यों के लिए उपयोगी संसाधन भी उपलब्ध होंगे. बाढ़ नियंत्रण के लिए नदियों के तटबंधों को और ऊंचा करने और व्यवस्थित करने समेत आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली के क्षेत्र में लगभग 23,000 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है. 1.82 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करायी जा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आज 11,000 मेगावाट बिजली के लिए समझौता किया गया है. इसके लिये ऊर्जा विभाग को बधाई और धन्यवाद देता हूं. ऊर्जा की पर्याप्त उपलब्धता औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक्स के विभिन्न साधनों का विकास किया जा रहा है. राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित करने की योजना है. बिहार को शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र बनाना है. बड़े शैक्षणिक संस्थानों को बिहार में अपने संस्थान स्थापित करने चाहिए, क्योंकि बिहार स्वयं एक विशाल बाजार और प्रतिभाओं का केंद्र है. उन्होंने कहा कि बिहार में इको टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों के विकास के साथ-साथ माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी में भी भव्य निर्माण और विकास कार्य किए जा रहे हैं. इन प्रयासों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होंगे.

सीएम ने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाया जा रहा है. निवेश संबंधी प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर स्वीकृति देने की व्यवस्था की जा रही है. अगर निर्धारित अवधि में स्वीकृति नहीं मिलती है, तो 31वें दिन उसे स्वतः स्वीकृत (Deemed Approval) मान लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उद्यमियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से मुक्त कर निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है. यह जनता का राज है और जनता ही मालिक है. सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध है.

मुख्यमंत्री ने रोजगार और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं. आगामी पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार और सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके साथ ही 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और 1 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है. अब तक 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है.

बिहा के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल माहौल, पर्याप्त संसाधन, कुशल मानवबल और विशाल बाजार उपलब्ध है. राज्य सरकार निवेशकों के साथ साझेदारी में आगे बढ़ते हुए बिहार को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से बिहार की विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि बिहार में निर्माण करें, बिहार पर विश्वास करें और विकसित और समृद्ध बिहार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया. ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव और उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने अपने-अपने विभागों से संबंधित निवेश प्रस्ताव के संबंध में जानकारी दी.

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उद्योग और खेल मंत्री सुश्रेयसी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बियाडा के प्रबंध निदेशक और सूचना और जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार, उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता समेत अन्य वरीय अधिकारीगण, निवेशक और उद्योग जगत से जुड़े हुये लोग और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: सियासी तल्खी के बीच सीएम सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात, चेहरे पर दिखी मुस्कान, हाथ मिलाते ही बदला अंदाज

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES