)
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर से गरमा गई है. बिहार से SIR की शुरुआत हुई थी और अब देश के कई राज्यों में यह प्रक्रिया की जा रही है. इस प्रक्रिया पर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से सवाल उठाए जाने से मामला और ज्यादा गरमा गया है. विपक्ष का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए एसआईआर में वैलिड वोटरों के नाम काटे गए हैं. लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की है. कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. अब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दिया है.
राहुल गांधी पर सीएम सम्राट का पलटवार
राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी जी बिहार भ्रमण पर आए थे. उन्होंने रंजू देवी, नवादा के सुबोध कुमार, औरंगाबाद के अमन, लालमुनि देवी, पूनम कुमारी और बछिया देवी को लेकर कुछ सवाल उठाए थे. सम्राट ने दावा किया कि इन मामलों में प्रशासन की ओर से संबंधित लोगों को बुलाकर स्थिति स्पष्ट की गई. सीएम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं आया, जो कहे कि उसका नाम नहीं जुड़ा हुआ है. सीएम सम्राट ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के युवराज तेजस्वी और कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी टूरिज्म करने के लिए बिहार में घूमते रहते हैं.
'बिहार में आजतक कोई आपत्ति नहीं आई'
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में 2025 में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी की गई. इससे पहले 2003 में भी राज्य में SIR हुआ था. उस समय करीब 4.96 करोड़ मतदाता सूची में थे. 2003 की मतदाता सूची को 2025 की प्रक्रिया में भी आधार बनाया गया. उन्होंने कहा कि SIR के दौरान BLO ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया. इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई. दावे और आपत्तियों के लिए भी समय दिया गया. चुनाव बीतने के बाद आज तक कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है.
लोकतंत्र पर भी कांग्रेस-राजद को घेरा
कांग्रेस-राजद पर निशाना साधते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि जिन पार्टियों के अंदर ही लोकतंत्र नहीं है, एक परिवार ही पार्टी पर कब्जा किए हुए है, वह लोग लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मतलब है गांधी खानदान. पंडित नेहरू के बाद उनकी बेटी इंदिरा गांधी, उनके बाद उनके बेटे राजीव गांधी रहे. 10 साल तक सोनिया गांधी सुपर पावर बनी रहीं. नेता विरोधी दल की राहुल गांधी की हैसियत नहीं थी, तो नहीं बनाया गया. देश की आजादी के बाद भी इन लोगों ने देश पर राज किया. अगर भारत संकट में है तो राहुल गांधी दोषी हैं. कोई एक परिवार दोषी है तो गांधी परिवार. 60 वर्षों तक कांग्रेस ने इस देश पर राज किया. इनको बोलने का कोई अधिकार नहीं है.
विपक्ष की हार का कारण भी बताया
सीएम सम्राट ने कहा कि आज बूथ कैपचरिंग का दौर खत्म हो गया और EVM का दौर है. विपक्ष की हार का कारण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य में चुनाव होता है तो NDA मिलकर चुनाव लड़ता है और जीतता है. ये लोग बिखर के चुनाव लड़ते हैं, तो हारते हैं. इनके पास कोई सही तथ्य नही है. बिहार के चुनाव पर विपक्ष ने चर्चा किया है. बिहार में कोई मेकैनिज्म नहीं बदला है. 2003 में जब SIR हुआ था, तब राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं. 2025 में जब हुआ, तब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे.