)
बिहार की सियासत में हलचल के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से गुरुवार को मुलाकात की. नीतीश कुमार के आवास पर दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई. बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार और सीएम सम्राट चौधरी के बीच दो बड़े मुद्दों पर बात हुई. जिसमें बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर गठबंधन की रणनीति और सीटों के गणित पर चर्चा की गई. वहीं, दूसरी तरफ हाल ही में जमुई में हुई घटना को लेकर सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को पूरी जानकारी दी.
गाड़ी तक छोड़ने आए नीतीश, प्रणाम कर निकले CM सम्राट
नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पूरी मुस्तैदी से काम करते रहने का आशीर्वाद दिया. मुलाकात के बाद का नजारा भी काफी दिलचस्प रहा. 20 मिनट की बैठक खत्म होने पर नीतीश कुमार खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उनकी गाड़ी तक छोड़ने आए. सीएम सम्राट चौधरी नीतीश कुमार को प्रणाम करते हुए गाड़ी में बैठे और नीतीश कुमार के आवास से निकाल गए.
दरअसल, सम्राट सरकार जमुई की घटना से कानून व्यवस्था को लेकर घिर गई है. विपक्ष लगातार एनडीए सरकार पर हमला बोल रहा है. हालांकि, पुलिस ने जमुई की घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इसके बाद एक के बाद एक राज्य के कई जिलों से लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं सामने आने लगी.
वहीं, राजद, कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल बिहार सरकार पर निशाना साधने लगे हैं. इसी बीच गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी का पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात कई मायनों में अहम ना जा रहा है. सूबे के सियासी हलकों में इस मुलाकात को लेकर हलचल तेज हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, सीएम सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार के बीच बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई है. हालांकि, दोनों के बीच और किन मुद्दों पर बातचीत हुई इसकी जानकारी फिलहाल अभी तक सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा