)
अररिया के भरगामा थानाक्षेत्र के मुस्लिम टोला के एक मकान में जबरदस्त धमाका हुआ है. धमाका इतना जबरदस्त था कि 10 इंच की मजबूत दीवारों के परखच्चे उड़ गए हैं. भरगामा प्रखंड मुख्यालय के पश्चिमी भाग में स्थित मुस्लिम टोला में यह धमाका हुआ है. जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में धमाका हुआ है, वो मकान मो. अख्तर का बताया जा है. शुरुआती जांच में पुलिस ने किसी के भी हताहत नहीं होने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में घटनास्थल की जांच के दौरान करीब 10 से 12 वर्ष के बच्चे के सिर की खोपड़ी और शरीर के क्षत-विक्षत हिस्से मिलने की सूचना सामने आई. इससे घटना की गंभीरता बढ़ गई है.
धमाके से मकान के उड़े परखच्चे
वहीं, घटना के बाद से घर से सभी गायब हैं. इतना ही नहीं आस-पड़ोस के भी लगभग 15 घरों के लोग अपना घर छोड़ कर फरार हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि मो. अख्तर अपने घर में पटाखे बनाने का काम करता था. बताया जा रहा है कि शुक्रवार (25 सितंबर) की देर शाम कुछ मजदूर मकान में पटाखा बनाने के काम में लगे थे. इसी दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को एक बोरे से दूसरे बोरे में डालने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि मकान के परखच्चे उड़ गए. इस घटना में मो. अख्तर के परिवार समेत कई मजदूरों के घायल होने की बात कही जा रही है. हालांकि, पुलिस को मौके पर एक भी घायल नहीं मिला है.
बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप
उधर, घटनास्थल से एक बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी मच गई. घटना के तुरंत बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए. मो. अख्तर के पड़ोसी भी अपना मकान छोड़कर फरार हो गए हैं. अब पुलिस मृतक बच्चे की शिनाख्त करने में जुटी है. इसके अलावा विस्फोट के समय मकान में कितने लोग मौजूद थे और घटना में कौन-कौन प्रभावित हुआ है, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है. सूचना मिलते ही एसपी जितेंद्र कुमार और डीएसपी फारबिसगंज भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकान और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया तथा घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली.
जिस घर में विस्फोट हुआ है, उसमें अवैध रूप से आतिशबाजी बनाने का काम किए जाने की जानकारी सामने आई है. बम स्क्वॉड और FSL टीम की मदद से पूरे क्षेत्र की छानबीन की जा रही है. घर और आस-पड़ोस के लोग फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.- जितेंद्र कुमार, एसपी
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि विस्फोट किस कारण से हुआ और घटनाविस्फोट के वास्तविक कारण को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. स्थल पर किस प्रकार की सामग्री मौजूद थी, इसकी जांच की जा रही है.
अररिया से कुमार नितेश की रिपोर्ट