बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी पर हमला: महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने तोड़ा बोर्ड, संजय सरावगी बोले- 'यह बौखलाहट है'
पटना में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने संजय सरावगी की गाड़ी को पूरी तरह से घेर लिया. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने गाड़ी पर लगे बोर्ड को क्षतिग्रस्त कर दिया.
बिहार की राजधानी पटना में सियासी सरगर्मी के बीच उस वक्त भारी तनाव के हालात हो गए, जब विरोध प्रदर्शन कर रहे महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की गाड़ी को घेर लिया. प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान न सिर्फ गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका, बल्कि जमकर नारेबाजी करते हुए गाड़ी पर लगे पदनाम के बोर्ड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को घेरा, तो बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भड़के गए. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन लोगों से इससे ज्यादा उम्मीद भी नहीं की जा सकती है. यह बौखलाहट है इनकी.
दरअसल, BJP प्रदेश अध्यक्ष के गाड़ी को RJD कार्यकताओं ने तब घेरा, जब संजय सरावगी लोकभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे. इस बीच अंदर तेजस्वी यादव भी राज्यपाल को ज्ञापन सौंप रहे थे. इस दौरान बीच बीजेपी अध्यक्ष के सामने ही राजद कार्यकर्तायों ने 'वोट चोर,गद्दी छोड़ के नारे' लगाए. वहीं, सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ से संजय सरावगी की गाड़ी बाहर निकाला.
महागठबंधन का लोक भवन मार्च
8 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को महागठबंधन ने SIR के मुद्दे को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लोक भवन मार्च किया. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के बड़े नेता, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक इस मार्च में शामिल हुए. हालांकि, पुलिस ने तेजस्वी यादव को डिटेन कर लिया है.
हिरासत में कांग्रेस नेताओं का अनोखा विरोध, थाने में गूंजा 'रघुपति राघव राजा राम'
पटना में महागठबंधन के प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोतवाली थाना लाया गया. सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को थाना परिसर में रखा गया है. इसी दौरान थाने में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एक साथ भजन गाते नजर आए. राजेश राम समेत सभी ने मिलकर 'रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम' भजन गाया. थाने के अंदर भजन गाते नेताओं का वीडियो अब चर्चा में है. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने महागठबंधन के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा