)
बिहार में MLC की 8 सीटों पर हो रहे चुनाव में आज (29 सितंबर) से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. नामांकन के पहले ही दिन बीजेपी ने अपने हिस्से की चारों सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं. पार्टी ने इस चुनाव में अपने पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया है. पार्टी ने मौजूदा एमएलसी नवल किशोर यादव, एनके यादव और सर्वेश कुमार को एक बार फिर से मौका दिया है. वहीं, नरेंद्र प्रसाद सिंह भी एमएलसी रह चुके हैं. उन्हें एक बार फिर से टिकट दिया गया है.
बीजेपी ने कहां से किसे दिया टिकट?
पुराने चेहरों पर ही जताया भरोसा
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा MLC नवल किशोर यादव को फिर उम्मीदवार बनाया गया है. वह लगातार छठी जीत हासिल करने के लिए मैदान में हैं. इसी तरह से कोसी स्नातक सीट से मौजूदा MLC डॉ. एनके यादव को फिर से मौका मिला है. एनके यादव की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी. दरभंगा स्नातक सीट से मौजूदा MLC सर्वेश कुमार को टिकट दिया गया है. 2020 में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने पर वे नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ गए थे और जीत हासिल की थी. तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व MLC नरेंद्र प्रसाद सिंह टिकट पाने में कामयाब रहे. वह 2008 में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. 2020 में उन्हें हार सामना करना पड़ा था.
जेडीयू के उम्मीदवार देखिए
वहीं, चार सीटों जेडीयू पहले ही अपने प्रत्याशी उतार चुकी है. पार्टी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने सिटिंग एलएलसी नीरज कुमार को एक बार फिर से मैदान में उतारा है. हालांकि, नीरज कुमार के विरोध में जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का खुला समर्थन कर दिया है. इससे इस सीट पर मुकाबला बड़ा दिलचस्प हो गया है. वहीं, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने अपने प्रवक्ता अभिषेक झा को टिकट दिया है. सारण शिक्षक क्षेत्र से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट मिला है.