App

बिहार में सुबह-सुबह छाने लगा कोहरा, ठंड ने दी दस्तक... आज भी कई जिलों में बारिश के आसार

बिहार में अब सुबह-सुबह हल्का कोहरा छाने लगा है, ठंड ने दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने आज (1 नवंबर) भी राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

बिहार में सुबह-सुबह छाने लगा कोहरा, ठंड ने दी दस्तक... आज भी कई जिलों में बारिश के आसार
Image Credit: बिहार वेदर अपडेट (AI IMAGE)

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब के कारण बिहार के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. बारिश होने के साथ ही मौसम भी ठंडा होने लगा है, जिसके कारण लोग सुबह-शाम जैकेट और कंबल में नजर आ रहे हैं. घरों में पंखे की स्पीड भी थम चुकी है. मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सर्दी-जुखाम और बुखार जैसी परेशानी भी हो रही है. मौसम विभाग की माने, तो आज यानी 1 नवंबर को कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है. आइए जानते हैं आपके जिले में आज मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है.

आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज राज्य के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में बारिश होने की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है. वहीं, 2 नवंबर को रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में बारिश होने की संभावना है. 1 नवंबर को बिजली चमकने, वज्रपात होने या फिर तेज हवा को लेकर मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.

बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित

राज्य में दो-तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने कई हिस्सों में जनजीवन को प्रभावित किया है. ऐसे मौसम में विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने लोगों से यह भी कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक मौसम अपडेट का ही पालन करें. 

किसानों की फसलें हुई बर्बाद

लगातार बारिश होने की वजह से कई इलाकों में धान की खड़ी फसलें गिर गई हैं. तेज हवाओं और बारिश के कारण धान की बालियों से लदे पौधे झुककर गिर गए हैं, जिससे उनकी फसल बर्बाद होने का खतरा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. 

राज्य में छाने लगा हल्का कोहरा 

बता दें कि बारिश होने के कारण बिहार के कई हिस्सों में तापमान में 5-7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे मौसम ठंडा हो गया है और सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखा जा रहा है. (इनपुट- IANS)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More