)
Bihar Road Accident: छपरा-सीवान मुख्य मार्ग NH-531 पर एकमा रेल ओवरब्रिज के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार हाइवा ने जमकर कहर बरपाया. सीवान की ओर से आ रहे अनियंत्रित हाइवा ने एक के बाद एक कई वाहनों में टक्कर मार दी. हादसे में मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश प्रसाद समेत थार में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए. हालांकि, सभी को मामूली चोटें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप में जोरदार टक्कर मारी. इसके बाद अनियंत्रित हाइवा ने थार, शव लदी गाड़ी और एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार आगे खड़ी शव लदी गाड़ी से जा टकराई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई.
हाइवा की टक्कर से थार क्षतिग्रस्त
मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश प्रसाद ने बताया कि वे महाराजगंज से थार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सिवान की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. हाइवा की टक्कर से उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि, थार में सवार सभी चार लोग बाल-बाल बच गए. हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन परसा मोड़ के समीप उसे पकड़ लिया गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया. इसके बाद करीब 45 मिनट तक बाधित रहा NH-531 पर यातायात सामान्य हो सका. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
तेज रफ्तार डंपर ने पिता-पुत्र को कुचला
वहीं, दूसरी ओर सिवान से भी एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हकाम छोटपुर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पिता अपने बेटे को बाइक पर बैठाकर कहीं जा रहे थे. इसी दौरान हकाम छोटपुर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में उनकी बाइक आ गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने डंपर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, हालांकि डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है.
टड़वा निवासी बताए जा रहे मृतक
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मृतकों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टड़वा निवासी मुकेश कुमार और उनके पुत्र के रूप में बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह (छपरा), अमित सिंह (सिवान)