)
बिहार के कला और संस्कृति प्रेमियों के लिए बेहद ऐतिहासिक और गर्व का पल होने जा रहा है. 22 सितंबर को आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में बिहार के चार प्रतिभाशाली कलाकारों को उनके शानदार का के लिए अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा. यह उपलब्धि न केवल इन कलाकारों के व्यक्तिगत संघर्ष और मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे बिहार राज्य के लिए एक बहुत बड़ा गौरव का पल है.
इस सम्मान को प्राप्त करने वाले चारों कलाकारों के नाम-
संजय मिश्रा, कमलेश कुमार मिश्रा, मिंटी मिश्रा और संजीव श्रीवास्तव
अपने बेहतरीन काम और अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले जाने-माने अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म 'भक्षक' में शानदार प्रदर्शन के लिए 'सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता' के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा. अभिनेता संजय मिश्रा मूल रूप से बिहार के दरभंगा ज़िले के रहने वाले हैं. कमलेश कुमार मिश्रा और मिंटी मिश्रा की जोड़ी को कला और साहित्य के क्षेत्र में उनके कार्य के लिए 'सर्वश्रेष्ठ जीवनी संकलन' की श्रेणी में पुरस्कार दिया जाएगा. उन्होंने अपनी कृति 'काकोरी' के माध्यम से इस श्रेणी में अपनी एक अनोखी छाप छोड़ने का काम किया है. सिनेमा की गहरी समझ और निष्पक्ष लेखन के लिए मशहूर संजीव श्रीवास्तव को 'बेस्ट हिंदी फिल्म क्रिटिक' का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा. बता दें कि संजीव श्रीवास्तव मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं.
दिल्ली में नहीं, गुजरात में होगा कार्यक्रम का आयोजन
इन चारों कलाकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन कर यह साबित कर दिया है कि राज्य की माटी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. इस समारोह में जब इन चारों विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, तो वह पल हर बिहारी के सीने को गर्व से चौड़ा कर देने वाला होगा. यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के युवाओं को फिल्म निर्माण, अभिनय, निर्देशन और कला-समीक्षा जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी. मिली जानकारी के अनुसार, इस साल 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन दिल्ली में नहीं, बल्कि गुजरात के एकता नगर में किया जा रहा है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी.