App

कानून-व्यवस्था सुधारने की कवायदः मधेपुरा, वैशाली और अररिया में पुलिस का बड़ा एक्शन

प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस के बड़े अधिकारी सड़क पर उतर चुके हैं. मधेपुरा और हाजीपुर में एसपी और एसएसपी रैंक के अधिकारी सड़कों पर उतरे और वाहन चेकिंग की. वहीं, अररिया के मुस्लिम टोला में हुए धमाके का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.

कानून-व्यवस्था सुधारने की कवायदः मधेपुरा, वैशाली और अररिया में पुलिस का बड़ा एक्शन
Image Credit: कानून-व्यवस्था सुधारने की कवायद (Zee Media)

बिहार में बीते कुछ दिनों में अपराध की कई बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिससे लोगों में पुलिसिया इकबाल खत्म होने लगा था. प्रदेश की कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस के बड़े अधिकारी सड़क पर उतर चुके हैं. इसी कड़ी में मधेपुरा में एसपी डॉ. संदीप सिंह खुद दल-बल के साथ सड़क पर उतरे और विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की कमान संभाली. एसपी ने इस दौरान खुद कई वाहनों को रोककर उनके कागजात एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की. संदेहास्पद पाए गए वाहनों को संबंधित थानों में ले जाकर सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया.

मधेपुरा में एसपी ने चलाया वाहन चेकिंग अभियान

उधर, मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कॉलेज चौक समेत प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान नियमों की अनदेखी एवं आवश्यक कागजात नहीं पाए जाने पर दर्जनों बाइक को जब्त कर थाना लाया गया. अचानक देर रात बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ शुरू हुए अभियान से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अभियान के दौरान पुलिस ने एक प्रमुख अपराधी को भी गिरफ्तार किया. एसपी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों, संदिग्ध गतिविधियों तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की लगातार नजर रहेगी.

एसपी ने स्पष्ट किया कि स्मैक कारोबारियों और नियम-कानून की अनदेखी कर तेज रफ्तार या महंगी बाइक चलाने वाले राइडरों पर भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा. जो भी व्यक्ति अपराध या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसी तरह से वैशाली में अपराध और ट्रैफिक नियमों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने रात में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया. खास बात ये रही कि एसएसपी शुभांक मिश्रा खुद सड़क पर उतरे और नाइट चेकिंग अभियान का जायजा लिया.

हाजीपुरः SSP शुभांक मिश्रा ने खुद की चेकिंग

पुलिस मुख्यालय के आदेश पर पूरे जिले में एक साथ सघन रात्रि चेकिंग अभियान चलाया गया. हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 समेत जिले के कई महत्वपूर्ण प्वाइंट्स पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की.सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को रोककर कागजात और जरूरी सामान की जांच की गई. संदिग्ध नजर आने वाले वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई और जरूरत पड़ने पर वाहनों को थाने ले जाकर सत्यापन कराया गया. SSP शुभांक मिश्रा ने बताया कि रात करीब 9 बजे से 10 बजे के बीच जिले के महत्वपूर्ण प्वाइंट्स पर सीनियर पुलिस अधिकारियों, SHO, सर्किल इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टरों की मौजूदगी में चेकिंग कराई गई. अभियान के दौरान अवैध सामान मिलने पर कार्रवाई की गई, जबकि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के चालान भी काटे गए. बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रही.

एसएसपी ने बताया कि पुलिसिंग को और मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं. आने वाले दिनों में नई व्यवस्थाओं को लागू किया जाएगा, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर हो.साफ है, वैशाली पुलिस अब रात के वक्त भी सड़कों पर पूरी तरह एक्टिव है. वहीं एसएसपी ने लोगों से अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है. 

अररिया में हुए धमाके कांड का खुलासा

उधर अररिया जिले के भरगामा में दो दिन पहले हुए धमाके में अररिया के एसपी ने खुलासा कर दिया है. उन्होंने इस धमाके में तीन लोगों के मौत की पुष्टि की है. बता दें कि दो दिन पहले अवैध पटाखा निर्माण के दौरान भरगामा थानाक्षेत्र के मुस्लिम में धमाका हुआ था, जिसमें घर के परखच्चे उड़ गए थे . धमाके की सूचना के बाद अररिया एसपी और भरगामा पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां से सभी लोग फरार थे, लेकिन धमाके की तीव्रता देख कई लोगों के मौत की आशंका जताई गई थी. 

दो महिला समेत एक नवजात की हुई थी मौत

पुलिस ने आसपास के जिलों समेत सभी अस्पतालों में धमाके में घायल लोगों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी. पुलिस को सूचना मिली कि नरपतगंज में दो लोग जख्मी हालत में छुपे हुए हैं और इलाज नहीं करवा रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया और पूछताछ में खुलासा हुआ कि धमाके में दो महिला समेत एक नवजात बच्चे की मौत हुई है. पुलिस मामले में फरार अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे इलाके में अवैध पटाखा निर्माण फैक्ट्री का पता लगा रही है.

मधेपुरा से प्रशांत, हाजीपुर से राजकुमार और अररिया से नीतेश कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More