App

बिहार में बाढ़ का रौद्र रूप: नेपाल से छोड़े गए पानी से मुजफ्फरपुर की 22 पंचायतें जलमग्न, वहीं बेगूसराय में चाचा-भतीजे की डूबने से मौत

Bihar flood: मुजफ्फरपुर में बाढ़ से साहेबगंज, पारू, कटरा और गायघाट की 22 पंचायतें प्रभावित हैं. बांध टूटने से हजारों लोग संकट में हैं और NDRF रेस्क्यू अभियान चला रही है. वहीं बेगूसराय में गंगा के पानी में डूबने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई.

बिहार में बाढ़ का रौद्र रूप: नेपाल से छोड़े गए पानी से मुजफ्फरपुर की 22 पंचायतें जलमग्न, वहीं बेगूसराय में चाचा-भतीजे की डूबने से मौत
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

Bihar Flood: मुजफ्फरपुर में नेपाल के पानी ने तबाही मचा रखी है, जिससे जिले के साहेबगंज, पारू, कटरा एवं गायघाट प्रखंडों की कुल 22 पंचायतें प्रभावित हो गई हैं. बागमती नदी ने कटरा एवं गायघाट प्रखंडों में तबाही मचा दी है, तो पश्चिमी क्षेत्र के साहेबगंज के माधोपुर हाजरी और पारू के जयमल डुमरी गांव में 24 घंटे के अंदर एक के बाद एक दो जगह बांध टूटने से हजारों लोग बेघर हो चुके हैं. लोगों के घरों में पानी घुस चुका है और सैकड़ों लोग घरों में कैद हो गए हैं. कई लोग घर का सामान छोड़कर छतों पर शरण लिए हुए हैं. उन्हें घरों से बाहर निकालने के लिए पटना के बिहटा से आई 9वीं बटालियन NDRF की टीम इंस्पेक्टर पुष्कर निधि के नेतृत्व में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है.

Muzaffarpur flood

कई लोग घरों की छतों पर शरण लिए हुए
हालांकि, अभी कई लोग घरों की छतों पर शरण लिए हुए हैं. रेस्क्यू में लगी NDRF की टीम के जवानों को देखते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ती है. फिलहाल NDRF की टीम प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रही है. वहीं, जिला प्रशासन की टीम भी बाढ़ पीड़ितों तक हर संभव सहायता पहुंचाने का काम कर रही है. खुद जिलाधिकारी कुमार गौरव लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं.

बाढ़ में डूबने से दो युवकों की मौत
दूसरी ओर, बेगूसराय में बाढ़ के पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान चाचा-भतीजा के रूप में बताई जा रही है. हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों युवक गहरे पानी में डूबते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए चीख-पुकार करते नजर आ रहे हैं. घटना बलिया थाना क्षेत्र के सनहा गोदरगामा बांध स्थित चेचियाही ढाब के पास की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर वार्ड संख्या-7 निवासी फूलो पासवान के 18 वर्षीय पुत्र अमित कुमार और सोगारथ पासवान के 18 वर्षीय पुत्र सोहन कुमार साइकिल से चेचियाही ढाब के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान दोनों युवक अपनी साइकिल को बाढ़ के पानी में ले जाकर धोने लगे. साइकिल अचानक गहरे पानी में चली गई. उसे बाहर निकालने के प्रयास में दोनों युवकों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए.

Begusarie flood

हादसे का वीडियो भी सामने आया है
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साइकिल पानी में जाती दिखाई दे रही है. साइकिल निकालने के दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले जाते हैं. वीडियो में आसपास मौजूद लोगों की चीख-पुकार भी सुनाई दे रही है. मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया. स्थानीय तैराकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया. बताया जा रहा है कि इलाके में बाढ़ का पानी फैला हुआ है और पानी के नीचे मौजूद गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ.

मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
मृतक अमित कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि सोहन कुमार भी तीन भाइयों में सबसे छोटा था. दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार और सीओ आकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. प्रशिक्षु आईएएस एवं एसडीओ अजय यादव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे का जायजा लिया. बताया जा रहा है कि घटनास्थल बलिया और साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र की सीमा के करीब है. दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है. फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

परसा नगर पंचायत के निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी
सारण जिले में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ता जा रहा है. नए इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने के साथ ही प्रभावित लोगों की संख्या दो लाख के पार पहुंच गई है. मकेर के दो स्थानों और पानापुर के भगवानपुर सरौजा में सारण बांध टूटने के बाद परसा, तरैया, मकेर और अमनौर प्रखंड के साथ ही पानापुर की 20 से अधिक पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं. वहीं, अब परसा नगर पंचायत में भी बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा है. शहर के निचले इलाकों में पानी भरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. बाढ़ के बढ़ते दायरे के बीच लोगों की मुश्किलें भी लगातार बढ़ती जा रही हैं.

saran Flood

रिपोर्ट:मणितोष कुमार (मुजफ्फरपुर), जितेन्द्र चौधरी (बेगूसराय) राकेश कुमार सिंह (सारण)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More