बिहार में बढ़ते अपराध के बीच 21 दिनों की छुट्टी पर गए DGP विनय कुमार, अब ये अधिकारी संभालेंगी अतिरिक्त प्रभार
बिहार के DGP विनय कुमार आगामी इसी साल 12 दिसंबर को रिटायर होने वाले हैं. रिटायरमेंट से पहले ही वह अचानक से 21 दिनों की लंबी छुट्टी पर चले गए हैं. उनका इस तरह से छुट्टी पर जाना, चर्चा का विषय बन गया है.
बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार 21 दिनों की छुट्टी पर चले गए हैं. वे 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक निजी एवं स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अवकाश पर रहेंगे. उन्होंने बताया कि वह LTC यानी लीव ट्रैवल कंसेशन के तहत इस अवकाश पर गए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से उन्होंने एलटीसी का लाभ नहीं लिया था, जबकि IPS अधिकारियों के लिए हर 2 साल में इसका प्रावधान होता है. 10 साल बाद स्वास्थ्य कारणों के कारण उन्होंने इसका इस्तेमाल किया है. बता दें कि उनका कार्यकाल भी 12 दिसंबर को समाप्त हो रहा है. इससे पहले उनका इस तरह से अचानक छुट्टी पर जाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
कानून-व्यवस्था को लेकर घिरी हुई है बिहार सरकार
वहीं, डीजीपी ऐसे समय में छुट्टी पर गए हैं, जब प्रदेश में आपराधिक घटनाओं में अचानक से तेजी देखने को मिल रही है. इसी महीने प्रदेश के कई जिलों से लूटपाट, हत्या और गैंगवार जैसी संगीन घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इन सबको लेकर विपक्ष काफी ज्यादा हमलावर है. हाल ही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. तेजस्वी ने कहा था कि बिहार में ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता, जब किसी न किसी जिले से अपराध की खबर सामने न आए. उन्होंने हत्या, दुष्कर्म, रंगदारी और पुलिसिया ज्यादती की घटनाएं बढ़ने का दावा किया था.
IPS प्रीता वर्मा को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
उधर, विनय कुमार की अनुपस्थिति में राज्य सरकार ने 1991 बैच की तेज-तर्रार IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है. इतना ही नहीं सम्राट सरकार ने उनका नाम नए डीजीपी के लिए भी आगे बढ़ाया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई लिस्ट में उनका भी नाम शामिल है. वह वर्तमान समय में होमगार्ड और अग्निशमन विभाग के DG के पद पर कार्यरत हैं. अगर केंद्र से उनकी नियुक्ति पर मुहर लगती है, तो वह विनय कुमार के रिटायर होने के बाद बिहार पुलिस की कमान संभाल सकती हैं.