App

बच्चों से दबंगईः अररिया में भूमाफियों ने 15 छात्रों को किया घायल, कैमूर में शराबियों ने स्कूल पर किया कब्जा!

Bihar Crime News: बिहार के अररिया में जमीन विवाद को लेकर 15 स्कूली बच्चों की पिटाई का मामला सामने आया है. तो वहीं कैमूर में शराब के नशे में तीन युवकों ने स्कूल में घुसकर हंगामा किया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

बच्चों से दबंगईः अररिया में भूमाफियों ने 15 छात्रों को किया घायल, कैमूर में शराबियों ने स्कूल पर किया कब्जा!
Image Credit: बच्चों से दबंगईः अररिया में भूमाफियों ने 15 छात्रों को किया घायल (ZEE MEDIA)

Bihar Crime News: बिहार के अररिया में भू-माफियाओं के द्वारा स्कूली बच्चों की जमकर पिटाई करने का मामला सामने आया है, जिसमें 15 बच्चे घायल हो गए हैं. इनमें कई बच्चों के सिर और आंखों पर गंभीर चोटें आई हैं. यह मामला अररिया जिला के बथनाहा थाना के ठीक बगल की जमीन का है, जहां एक निजी विद्यालय के बच्चे स्कूल के सामने वाली जमीन पर खेल रहे थे. इसी दौरान 20 से 25 की संख्या में लोग वहां पहुंचे और खेल रहे बच्चों पर हमला कर उनकी पिटाई करने लगे. बच्चों की पिटाई करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं.

अररिया में बच्चों की पिटाई, आरोपी फरार
घटना को देखकर स्कूल के प्रिंसिपल ने बथनाहा थाना को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद बथनाहा पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए. यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. स्कूल प्रबंधन की ओर से बथनाहा थाना में FIR दर्ज कराई गई है. बच्चों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

स्कूल में शराबियों का हंगामा
तो वहीं दूसरी ओर, कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड स्थित करमचट थाना क्षेत्र के न्यू प्राथमिक विद्यालय बाराडीह में शराब के नशे में धुत तीन बाइक सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, उस वक्त गांव के अधिकतर लोग पंचायत के आम सभा में गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर युवकों ने स्कूल में घुसकर बच्चों को कमरे में बंद कर उनके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की. जब शिक्षकों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज भी किया. सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई. करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद डायल 112 की पुलिस को आता देख आरोपी बाइक से फरार हो गए.

वायरल वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हेडमास्टर राजेंद्र प्रसाद शर्मा और शिक्षक अमर कुमार व मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि की है. वहीं स्कूल की शिक्षिका ने दो आरोपियों की पहचान मझिआंव गांव के निवासियों के रूप में की है. घटना की सूचना मिलने के बाद करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.

दो आरोपी गिरफ्तार
हेडमास्टर की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों अक्षय लाल राम (पिता- स्वर्गीय शिवगोविंद राम) और विमलेश पांडे (पिता- स्वर्गीय भूटान पांडे), को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: कुमार नितेश (अररिया), मुकुल जायसवाल (कैमूर)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More