बिहार में 2 IAS अफसरों का ट्रांसफर, शिक्षा विभाग में भी बड़ा फेरबदल
बिहार प्रशासनिक फेरबदल: IAS रचना पाटिल बनीं राज्यपाल सचिवालय की सचिव, कंवल तनुज को वित्त विभाग का प्रभार; इधर शिक्षा विभाग में भी बड़ी कार्रवाई
बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है. राज्य सरकार ने फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2 सीनियर अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया है. वहीं, दूसरी तरफ शिक्षा विभाग में भी प्रतिनियुक्ति को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं. सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से इन दोनों बदलावों को लेकर अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं, जिसके बाद से प्रशासनिक गलियारों में इन चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
यह नई नियुक्तियां अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 2010 बैच के दो सीनियर आईएएस अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. वित्त विभाग के सचिव (व्यय) के पद पर तैनात रहीं रचना पाटिल को अब राज्यपाल सचिवालय, बिहार का सचिव नियुक्त किया गया है. उनकी जगह अब कंवल तनुज को वित्त विभाग के नए सचिव (व्यय) की कमान सौंपी गई है.
कंवल तनुज के पास इस विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा
आईएएस कंवल तनुज इससे पहले योजना और विकास विभाग में सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और उनके पास इस विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा. यह नई नियुक्तियां अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी.
शिक्षा विभाग में भी प्रशासनिक फेरबदल
दूसरी तरफ, शिक्षा विभाग में भी बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है. विभाग ने बिहार शिक्षा सेवा (प्रशासन उप संवर्ग) के अधिकारियों को लेकर नया और सख्त रुख अपनाया है. इसके तहत, अलग-अलग जिलों में प्रतिनियुक्त किए गए कई अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है और उन्हें वापस बुलाते हुए नए पदस्थापन की अधिसूचना जारी कर दी गई है.
नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का सख्त निर्देश
पत्रांक 1345, 1346 और 1347 के तहत जारी इन आदेशों के बाद शिक्षा विभाग के भीतर प्रशासनिक स्तर पर खासी सुगबुगाहट और हलचल मच गई है. विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को बिना किसी देरी के अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का सख्त निर्देश दिया है.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा
यह भी पढ़ें: बिहार में अब डाकिए पहुंचाएंगे खेती के सैंपल, मंत्री विजय सिन्हा ने बताए आगे के प्लान