App

भागलपुर और सोनपुर में बाढ़ से मची तबाही: सैकड़ों गांव जलमग्न, NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा

Bihar Flood: भागलपुर और सोनपुर में बाढ़ से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. गंगा का जलस्तर बढ़ने से गांवों से लेकर शहरी इलाकों तक पानी ही पानी दिख रहा है. वहीं सोनपुर की डेढ़ दर्जन से ज्यादा पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं, कई घरों में पानी घुस गया है और सड़कें जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित है.

भागलपुर और सोनपुर में बाढ़ से मची तबाही: सैकड़ों गांव जलमग्न, NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा
Image Credit: भागलपुर और सोनपुर में बाढ़ से मची तबाही (वीडियो ग्रैब)

Bihar Flood: भागलपुर में हर तरफ बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है. गांव से लेकर शहर तक हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है. यह बाढ़ लोगों की जिंदगी पर कहर बनकर टूट पड़ा है. हालात इतने गंभीर हैं कि गंगा नदी में राहत और बचाव के लिए SDRF और NDRF की टीमें लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं. भागलपुर में SDRF की 10 बोट और NDRF की 3 बोट राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं. SDRF की टीम अब तक 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाढ़ प्रभावित इलाकों से बाहर निकाल चुकी है. वहीं, तीन अलग-अलग नाव हादसों के दौरान भी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोगों की जान बचाई है.

SDRF की टीमें तैनात
राघोपुर से लेकर भागलपुर शहरी क्षेत्र, सबौर और सुल्तानगंज तक SDRF की टीमें लगातार तैनात हैं. 24 सदस्यीय SDRF टीम छह बोट के साथ गंगा नदी में लगातार गश्त कर रही है और नदी किनारे व बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क भी कर रही है. राहत और बचाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो बोट खगड़िया से मंगाई गई हैं, जबकि पांच बोट को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व रखा गया है. गंगा का बढ़ता जलस्तर और चारों ओर फैला जल सैलाब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.

सोनपुर में भी बाढ़ ने हालात खराब
तो वहीं दूसरी ओर सोनपुर में भी बाढ़ ने हालात खराब कर दिए हैं. प्रखंड की लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं. यहां लोगों के घरों तक पानी पहुंच चुका है, सड़कें डूब गई हैं और कई इलाकों का प्रखंड व अनुमंडल मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. सबलपुर, नजरमीरा, पहलेजा शाहपुर दियारा, गंगाजल, जहांगीरपुर, भरपुरा, खरीका, कसमर, दुधैला, कल्याणपुर, शिकारपुर, नयागांव के रसूलपुर, डुमरी बुजुर्ग और शोभेपुर समेत कई पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है. गंगाजल पंचायत में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जहां कई गांवों के घरों में पानी घुस गया है और लोगों के लिए बाहर निकलने का एकमात्र सहारा नाव रह गया है.

सबलपुर के चारों पंचायत जलमग्न
सबलपुर के चारों पंचायतों, नजरमीरा के राहर दियारा, गंगाजल के छीतरचक और बबूरवानी तथा कसमर पंचायत के गंगा पार दियारा इलाके में प्रमुख सड़कों पर पानी बह रहा है. हरिहरनाथ मंदिर से पहलेजा घाट जाने वाली निचली सड़क भी कई जगह जलमग्न है, जिससे आवागमन प्रभावित है. बाढ़ के बीच सरकार की ओर से राहत सामग्री पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, वहीं कुछ ग्रामीण स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर नाराज हैं. दूसरी ओर, समाजसेवी वीरेश कुमार अपने स्तर से बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटे हैं और नाव के जरिए गांव-गांव व घर-घर पहुंचकर जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री बांट रहे हैं.

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार (भागलपुर), राजकुमार सिंह (हाजीपुर)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More