)
बेगूसराय-मोकामा सिक्स लेन और एनएच (NH) पर 30 घंटों से भयंकर जाम में हज़ारों गाड़ियां फंसी हैं. शनिवार सुबह से ही यह जाम लगा हुआ है. इस सेतु के अलावा अप्रोच पथ, नेशनल हाईवे 31 और 31ए पर हजारों गाड़ियां एक लाइन में खड़ी हैं. वाहन चालक कई घंटों से जाम से जूझ रहे हैं, जिन्हें खाने-पीने के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
भूख-प्यास से बेहाल हुए चालक
आस-पास कोई होटल नहीं होने के कारण वाहन चालकों को खाने-पीने में सबसे ज्यादा कठिनाई हो रही है. भूख और प्यास से बेहाल लोग सत्तू पीकर ही समय काट रहे हैं. वहीं, जाम में फंसी महिला यात्रियों को वॉशरूम जाने में काफी दिक्कत हो रही है.
जाम में फंसे एम्बुलेंस को रास्ता देकर निकालने का प्रयास कर रही पुलिस
मालवाहक ट्रकों की रफ्तार थम जाने से आस-पास के जिलों में जरूरी सामान भी समय पर नहीं पहुंच पा रहा है. जाम में गाड़ियां रेंगती हुई कई घंटों में केवल कुछ सौ मीटर की दूरी ही तय कर पा रही हैं. पुलिस किसी तरह जाम में फंसे एम्बुलेंस को रास्ता देकर निकालने का प्रयास कर रही है.
आग लगने के बाद चालक बीच सड़क पर ऑटो खड़ा करके भाग गया
स्थानीय लोगों ने बताया कि बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र में एनटीपीसी (NTPC) गेट के पास एक सीएनजी ऑटो में आग लग गई थी. आग लगने के बाद चालक बीच सड़क पर ऑटो खड़ा करके भाग गया, जिससे जाम लगना शुरू हुआ. करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा, जिसके बाद एक ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई और स्थिति और अधिक भयावह हो गई.
शनिवार से लगा जाम, प्रशासन के छूटे पसीने
वहीं, वाहन चालकों में आपाधापी और पहले निकलने की होड़ के कारण यह जाम और अधिक बढ़ता चला गया. इस वजह से सिक्स लेन सेतु पर शनिवार से ही भारी जाम लगा हुआ है, जिसे हटाने में पुलिस-प्रशासन के भी पसीने छूट रहे हैं.
रिपोर्ट: चंदन राय