अनंत सिंह पर संकट दूर करने के लिए नदवां गांव में अखंड पाठ, भंडारे का आयोजन
मोकामा विधायक अनंत सिंह के लिए ग्रामीणों ने अनुष्ठान शुरू किया गया है. सुख-शांति और संकट मुक्ति के लिए नदवां गांव में अखंड पाठ गूंज रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर अनंत सिंह पर कोई विपत्ति आती है, तब इसका असर पूरे गांव पर पड़ता है.
मोकामा विधायक अनंत सिंह की सुख-शांति और कष्ट दूर करने के लिए नदवां गांव के लोग चार दिन तक अखंड पाठ कर रहे हैं. गांव के कल्याण और शांति के लिए महावीर जयंती पर 180 ग्रामीण सुंदरकांड का अखंड पाठ भी करेंगे. इसके अलावा रामचरितमानस का चार दिनी अखंड पाठ कर ग्रामीण गांव पर आए कष्ट को दूर करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि अगर अनंत सिंह पर कोई विपत्ति आती है, तब इसका असर पूरे गांव पर पड़ता है. हम लोग अखंड पाठ कर गांव और उनके परिवार पर आई इस विपत्ति को दूर करने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. चार दिनों तक लगातार गांव में पाठ करने वाले और सभी ग्रामीणों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है. अखंड पाठ में पूरे गांव के लोग पूरी तन्मयता से सहयोग कर रहे हैं.
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का निमंत्रण देने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को पहुंचे थे. उन्होंने स्पीकर प्रेम कुमार को शादी का कार्ड सौंपा और समारोह में आने का खास न्योता दिया. स्पीकर ने भी सहर्ष निमंत्रण स्वीकार करते हुए बेटी शिवांगी को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया और शादी में शामिल होने का भरोसा भी जताया.
बता दें कि शिवांगी सिंह का विवाह 25 नवंबर 2026 को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में तय हुआ है. इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर गांव में तैयारियां अभी से जोर-शोर से शुरू हो गई हैं.
स्पीकर ने अनंत सिंह को जारी किया है नोटिस
हाल ही में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने 30 अक्टूबर (शुक्रवार) को ही अनंत सिंह को नोटिस जारी किया था. पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायतों के आधार पर जदयू ने स्पीकर को पत्र लिखकर अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है और साथ ही कई सबूत भी सौंपे हैं.
इसी पत्र पर संज्ञान लेते हुए स्पीकर ने नोटिस जारी कर अनंत सिंह से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है. गौरतलब है कि जदयू पहले ही अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा चुकी है.
रिपोर्ट: चंदन राय
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मिले मोकामा MLA अनंत सिंह, बेटी शिवांगी की शादी का दिया न्योता