)
मोकामा विधायक अनंत सिंह अचानक बिहार विधानसभा पहुंच गए. अनंत सिंह और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की इस मुलाकात को लेकर गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि यह एक विशुद्ध पारिवारिक मुलाकात थी. दरअसल, अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण पत्र देने पहुंचे थे.
अनंत सिंह बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से उनके कक्ष में मिले. इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का निमंत्रण पत्र सौंपा. साथ ही उन्हें शादी समारोह में शामिल होने का आग्रह किया.
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए अनंत सिंह की बेटी शिवांगी को आने वाले वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया. साथ ही उन्होंने मोकामा विधायक अनंत सिंह को आश्वस्त किया कि वे शादी समारोह में जरूर शामिल होंगे.
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर, 2026 को होगी. यह हाई-प्रोफाइल शादी अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में संपन्न होगी. शादी की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं.
बता दें कि बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने 30 अक्टूबर, शुक्रवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह को नोटिस भेजा है. नोटिस भेजकर स्पीकर ने अनंत सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है. नोटिस के अनुसार, उनको 7 दिनों के अंदर अपना जवाब देना होगा.
दरअसल, जदयू ने विधानसभा स्पीकर से अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है. जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत और सदस्यता रद्द करने को लेकर पत्र और सबूत दिया गया है. इसके बाद विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अनंत सिंह को यह नोटिस भेजा है.
ध्यान दीजिएगा कि मोकामा विधायक अनंत सिंह को जदयू ने पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. साथ ही उनकी पत्नी नीलम देवी को भी 6 साल के लिए पार्टी से बाहर निकाल दिया है.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा