)
समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के धमौन गांव में 17 वर्षीय किशोर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. शुक्रवार रात घर से निकले किशोर का शव शनिवार अहले सुबह गांव के लाला गाछी में मिला. उसके शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.
मृतक की पहचान धमौन गांव निवासी राजनीति राय के पुत्र दीपक कुमार (17) के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी और थानाध्यक्ष अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. वहीं, डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में सहयोग करेगी.
परिजनों के अनुसार, दीपक गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता था. छठ महापर्व में शामिल होने के लिए करीब 10 दिन पहले ही गांव आया था. शुक्रवार रात करीब 8 बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया. इसके बाद वह घर से निकल गया. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश को लेकर चिंतित हो गए. शनिवार अहले सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली.
घटनास्थल पर कई जगह खून के निशान मिले हैं. इसके अलावा वहां एक चप्पल भी बरामद हुई है. पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही दीपक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आई है कि दीपक पूर्व में कुछ आपराधिक गतिविधियों और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा रहा था. इसी वजह से परिजनों ने उसे गांव से बाहर भेज दिया था. हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पुराना विवाद या अन्य कारण हैं, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है.
पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है. डॉग स्क्वायड के भी पहुंचने की सूचना है. पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है.
रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय