)
आजकल भी भागदौड़ भरी व्यस्त जिंदगी के बीच क्या आप बिना ईमेल और मोबाइल के एक दिन गुजारने की कल्पना कर सकते हैं? शायद, हां कहना आपके लिए मुश्किल होगा. आप और हम डिजिटल वर्ल्ड से इस कदर बंध गए हैं कि हर सेकंड मोबाइल स्क्रीन पर नजरें गड़ाए रहना हमारी आदत बन गई है. लेकिन कल जब ग्लोबल लेवल पर माइक्रोसॉफट आउटलुक Microsoft Outlook) ठप हुआ तो जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने ऐसा क्या कह दिया कि सोशल मीडिया पर खलबली मच गई. उन्होंने बताया कि ईमेल बंद होने से पहले तो उन्हें थोड़ी घबराहट हुई, लेकिन बाद में उन्हें इस डिजिटल शांति में एक अजीब सा सुकून और आजादी महसूस होने लगी. इस पूरी घटना पर आनंद महिंद्रा का रिएक्शन जमकर वायरल हो रहा है.
एक दिन पहले दुनियाभर के 74 देशों में माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज अचानक ठप पड़ गईं. रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 की सर्विस में आई खामी से लाखों यूजर्स परेशान हो गए. डाउनडिटेक्टर पर चंद घंटों में हजारों लोगों ने इनबॉक्स एक्सेस नहीं होने और ई-मेल भेजने में आ रही दिक्कत की शिकायत दर्ज कराई. बड़ी-बड़ी कंपनियों के रोजमर्रा के काम रुक गए. इस ग्लोबल आउटेज के बीच आनंद महिंद्रा ने एक्स पर अपना ऐसा एक्सपीरियंस शेयर किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया.
आनंद महिंद्रा ने लिखा, जैसे ही आउटलुक बंद हुआ उनके मन में अजीब सी बेचैनी होने लगी. उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति की तुलना दुख के अलग-अलग चरणों से की. शुरुआत में उन्हें यह स्वीकार करने में हिचक हुई कि समस्या केवल उनके इंटरनेट में है या पूरे सिस्टम में. इसके बाद उन्हें ऐसे ईमेल की चिंता होने लगी, जो पढ़े नहीं गए. उन्हें लगा कि वह दुनिया के बाकी हिस्सों से पूरी तरह कट गए हैं और इससे वह परेशान हो गए. लेकिन इसके बाद बेहद दिलचस्प मामला सामने आया. उन्हें अचानक महसूस हुआ कि बिना किसी मैसेज या ई-मेल का जवाब देने के प्रेशर ने उनका दिमाग कितना हल्का कर दिया?
डिजिटल वर्ल्ड के शोरगुल से दूर उन्हें एक अजीब से सुकून का अहसास होने लगा. उन्हें लगा कि बिना किसी जिम्मेदारी के अपनी रफ्तार से जीना कितना सुकून भरा होता है. मजेदार वाक्या तब हुआ जब माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी सर्विस को बहाल कर दिया और आनंद महिंद्रा के डिवाइसेस पर ईमेल फिर से काम करने लगे. उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के सोशल मीडिया पर लिखा-जब आउटलुक वापस आया तो उन्हें ऐसी भावना महसूस हुई जिसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी और वो था पछतावा. उन्होंने अपनी हालत की तुलना ऐसे मुसाफिर से की, जो किसी अनजान टापू पर अकेले रहने का मजा लेने ही लगा और वहां अचानक मदद के लिए जहाज पहुंच जाए.