)
टीवी इंडस्ट्री में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो समय की कसौटी पर कसे जाने के बाद एक बार फिर नई चमक के साथ लौट आते हैं. लगभग 10 साल तक चली खामोशी के बाद एक्ट्रेस हिना खान और शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के टीवी प्रोड्यूसर राजन शाही के बीच की दूरियां आखिरकार मिट गई हैं. हाल ही में एक दिवाली सेलिब्रेशन के दौरान दोनों के एक साथ आने से न केवल उनके पुराने मतभेद खत्म हुए, बल्कि फैंस के बीच भी खुशी की लहर दौड़ गई. साल 2016 में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से हिना खान के बाहर निकलने के बाद दोनों के रिश्तों में जो दरार आई थी,वो अब एक नई और पॉजिटिव शुरुआत में बदल गई है.
इस स्पेशल रीयूनियन के तुरंत बाद राजन शाही ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हिना खान के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए इस दस साल के अंतराल को पीछे छोड़ने की बात कही. उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा, 'हम मिले, हम बिछड़े... (10 साल), हम फिर मिले. अंत भला तो सब भला, एक अच्छी नई शुरुआत के लिए. थू थू थू! हिना, ढेर सारा आशीर्वाद और प्यार. हमें नई शुरुआत मुबारक हो, जो सीखने, खुशी, आपसी सम्मान, प्यार और खुशहाली से भरी हो. अच्छी सेहत, खुशी और मुस्कान वाले फ्यूचर से भरे नए सफर की ओर. अपने रिश्ते को हमेशा संजोकर रखना और उसकी रक्षा करना.'
राजन शाही के इस प्यारे मैसेज पर रिएक्शन देते हुए हिना खान ने बेहद इमोशनल जवाब दिया. उन्होंने अपने दिवंगत पिता की दी हुई सीख को याद करते हुए लिखा, 'उन हाथों को कभी मत काटना जिन्होंने तुम्हें तब पानी दिया था, जब तुम सिर्फ एक बीज थे. आज तुम एक पेड़ हो सकते हो, लेकिन कभी तुम्हें बढ़ने के लिए देखभाल, प्यार और सहारे की जरूरत थी.'

प्रोड्यूसर को 'राजन सर' संबोधित करते हुए एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'हालात कैसे भी हों या मुझे कैसा भी महसूस हो, मैं कभी ऐसा कुछ नहीं कहनe चाहती थी जिसे मैं वापस न ले सकूं. तुम्हारे लिए हमेशा प्यार और सम्मान. जिंदगी नाराजगी रखने के लिए बहुत छोटी है और अतीत में फंसे रहने के लिए बहुत खूबसूरत है. मेरे मन में तुम्हारे और पूरे DKP परिवार के लिए प्यार के अलावा कुछ नहीं है. आखिर हम साथ में बड़े हुए हैं और प्यार, और यादें और साथ में और भी कई खूबसूरत चैप्टर हों.'
हिना खान ने साल 2009 में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अक्षरा का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई थी, जहां करण मेहरा नैतिक की भूमिका में थे. 8 साल तक इस शो का हिस्सा रहने के बाद साल 2016 में हिना ने नए मौकों की तलाश में शो छोड़ दिया. इसके बाद, जनवरी 2017 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजन शाही ने कहा था, 'दोनों एक्टर्स की इज्जत करते हुए, ये सच है कि करण के कैरेक्टर के जाने के बाद, हम अपनी जगह और मजबूत कर पाए और TRP भी सच में बढ़ गई. इसी तरह, हिना के जाने के बाद, शो आगे बढ़ा है.'

इस बयान पर नाराजगी जताते हुए हिना ने पलटवार किया था, 'हर किसी को अपनी बात कहने का हक है, लेकिन एक प्रोड्यूसर होने के नाते, जब हम 8 साल तक शो का हिस्सा थे, तब वो चुप क्यों थे?' करण मेहरा ने भी अपनी मेहनत और अटेंडेंस रिकॉर्ड का हवाला देते हुए प्रोड्यूसर की बातों पर असहमति जताई थी.
ये विवाद अप्रैल 2024 में एक बार फिर सुर्खियों में आया जब राजन शाही ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि हिना के आखिरी महीनों में शूटिंग शेड्यूल और स्क्रिप्ट को लेकर काफी मतभेद थे. प्रोड्यूसर के मुताबिक, आपसी सहमति के बाद भी एक सीन को लेकर बात बिगड़ गई, जिसमें हिना ने शिवांगी जोशी के किरदार नायरा की तारीफ करने वाले डायलॉग बोलने से मना कर दिया था. राजन ने आरोप लगाया कि हिना पूरा दिन मेकअप रूम में बैठी रहीं और रात को उन्हें टर्मिनेशन का मैसेज भेजा गया. हालांकि, अगले दिन वो सीन शूट हुआ, लेकिन बाद में उस फुटेज को एडिट कर हटा दिया गया.

जून 2024 में इन आरोपों पर अपना रिएक्शन देते हुए हिना खान ने साफ किया था कि वो अपने पहले शो और निर्माताओं का हमेशा सम्मान करती हैं. उन्होंने कहा था, 'मेरे मन में उनके लिए इज्जत और सम्मान है. मुझे नहीं पता कि दूसरी तरफ से ऐसा बार-बार क्यों हो रहा है. मुझे ये समझ नहीं आता. ऐसा नहीं है कि मैं इसके बारे में बात करना चाहती हूं और न ही मैं करना चाहती हूं.'

एक्ट्रेस ने उस दौर में ये भी खुलासा किया था कि शो छोड़ने के बाद उनके पिता बेहद इमोशनल हो गए थे और उन्होंने हिना से एक खास वादा लिया था. हिना ने याद करते हुए बताया था, 'मुझे याद है कि मेरे पापा बहुत दुखी थे और मेरे शो छोड़ने के ठीक बाद, उन्होंने मुझसे एक वादा लिया. उन्होंने कहा, 'मुझसे वादा करो कि तुम उस शो में किसी के बारे में कभी बुरा नहीं बोलोगी'.
उन्होंने ऐसा कहा, 'मैं उस पर कायम रही. अब, वो यहां नहीं हैं. मैं वो वादा कैसे तोड़ सकती हूं? मैं कुछ नहीं कहने वाली.' आज 10 साल बाद जब दोनों ने सारे गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया है, तो ये वाकई हिना के दिवंगत पिता के लिए सबसे बड़ी खुशी का पल साबित हुआ है.