)
भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपने बल्ले का दम दिखाया है. घरेलू क्रिकेट में वापसी करते हुए सूर्यकुमार यादव ने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की कि विरोधी टीम के गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. सूर्यकुमार यादव ने महज 21 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोककर मुंबई को शानदार जीत दिला दी. सूर्यकुमार यादव की इस पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे.
सूर्यकुमार यादव शनिवार (14 नवंबर) को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 2026 में मुंबई की ओर से अपना पहला मुकाबला खेलने उतरे थे. मुंबई का सामना कोलकाता के जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस सेकंड ग्राउंड पर हैदराबाद से हुआ. इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख ही बदल दिया. सूर्यकुमार यादव ने हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर खबर ली.
सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बना डाले. सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए. सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर भारत की T20I टीम में वापसी के लिए दावा ठोका है. सूर्यकुमार यादव ने मुशीर खान के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 65 रन जोड़े. सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने भी मुंबई के लिए सीजन के पहले मैच में अर्धशतक लगाया.
मुशीर खान ने 24 गेंदों का सामना किया और छह चौकों व तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए 12वें ओवर में अजय देव गौड़ ने उन्हें आउट करके पवेलियन भेज दिया. आउट होने से पहले, मुशीर खान ने विकेटकीपर हार्दिक तमोरे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 49 रन जोड़े थे. इस साझेदारी में मुशीर खान ने 18 गेंदों पर 41 रन बनाए.
मुंबई ने 13.1 ओवर में 173 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया. भारत के साथ दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले शिवम दुबे ने हैदराबाद के कप्तान चामा वी मिलिंद द्वारा फेंके गए 14वें ओवर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर जीत पक्की कर दी. नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए, वह 5 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले, पहली पारी में मैक्सवेल स्वामीनाथन ने चार ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि शिवम दुबे और साईराज पाटिल ने हैदराबाद के दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया.
इनकी मदद से मुंबई ने हैदराबाद की पूरी टीम को 20 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट कर दिया. हैदराबाद की ओर से अभिराथ रेड्डी ने 24 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि कोदिमेला हिमातेजा ने 16 गेंदों में 25 रन जोड़े. सीजन के अपने पहले मैच में बड़ी जीत हासिल करने के बाद, मुंबई अब सोमवार (16 नवंबर) को इसी मैदान पर अपने दूसरे मैच में गुजरात का सामना करेगी.