इस दिवाली-धनतेरस घर लाएं नई Toyota Glanza! अब CNG में भी मिलेगा ऑटोमेटिक का असली मजा, कीमत...
दिवाली और धनतेरस के मौके पर कार खरीदने वालों के लिए टोयोटा ने नई ग्लैंजा फेसलिफ्ट मार्केट में उतार दी है. 6.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में आई इस कार में अब लेवल 2 ADAS, वेंटिलेटेड सीट्स और CNG में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलेगा.
अगर आप भी इस दिवाली-धनतेरस पर अपने लिए एक नई और फीचर्स से भरपूर कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो टोयोटा ने आपके लिए शानदार ऑप्शन लाई है. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भारतीय मार्केट में फेस्टिव सीजन में अपनी दमदार और प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा का नया अवतार फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है. नई ग्लैंजा की एक्स शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये से शुरू होती है, जो 10.49 लाख रुपये तक जाती है. Toyota ने इसे E, S, G, V और V (O) समेत पांच वेरिएंट में लॉन्च किया है. इस बार कार में कुछ नए फीचर्स भी शामिल किए गए हैं. साथ ही, इंजन में भी बदलाव कंपनी ने किया है. नई ग्लैंजा में अब लेवल 2 ADAS और फ्रंट सीट वेंटिलेशन जैसे फीचर्स के साथ आई है.
नई ग्लैंजा में मिला 1.2 लीटर का 3 सिलेंडर इंजन
नई Toyota Glanza में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन में हुआ है. कंपनी ने पुराने चार सिलेंडर पेट्रोल इंजन की जगह मारुति सुजुकी का नया Z12E 1.2 लीटर, तीन सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया है. पेट्रोल मोड में यह इंजन 83 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसके साथ 5 स्पीड मैनुअल और 5 स्पीड AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है. नया इंजन पहले के मुकाबले 7 bhp कम पावर और 1 Nm कम टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी का दावा है कि इससे बेहतर माइलेज मिलेगा. इसमें फ्यूल की खपत कम करने के लिए आइडल स्टार्ट-स्टॉप फीचर भी दिया गया है.
CNG पसंद करने वाले लोगों के लिए भी नई ग्लैंजा में विकल्प मौजूद है. CNG मोड में इंजन 70 bhp की पावर और 102 Nm का टॉर्क देता है. खास बात यह है कि CNG मॉडल में भी 5 स्पीड मैनुअल के साथ AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा.
फ्रंट लुक में हुए बदलाव
नई ग्लैंजा के डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं, लेकिन इसके फ्रंट लुक को पहले से अलग बनाने की कोशिश की गई है. कार में बड़ी ग्रिल दी गई है, जिसके दोनों ओर सैटिन फिनिश वाली डिटेलिंग मिलती है. LED फॉग लैंप के डिजाइन में भी बदलाव हुआ है.
टोयोटा के लोगो की जगह बदली गई है और फ्रंट में रडार मॉड्यूल भी दिया गया है, जो ADAS फीचर्स को काम करने में मदद करेगा. इसके अलावा कार में शार्क फिन एंटीना भी मिलता है. कार के साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है. इसमें पहले की तरह 16 इंच के अलॉय व्हील, क्रोम डोर हैंडल और खिडकियों के आसपास क्रोम फिनिश दी गई है. पीछे की तरफ रैपअराउंड LED टेल लैंप, रूफ स्पॉइलर, रियर वाइपर और वॉशर मिलते हैं. कलर्स की बात करें तो कंपनी ने दो नए कलर ऑप्शन Digital Teal Green और Bluish Black भी शामिल किए हैं.
अब मिलेंगी वेंटिलेटेड सीटें और वायरलेस चार्जिंग
नई Toyota Glanza के केबिन का लेआउट पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन इसमें कुछ नए फीचर्स लाए गए हैं. अब आगे की सीटों में वेंटिलेशन मिलेगा, जिससे गर्मी के मौसम में सफर ज्यादा आरामदायक हो सकता है. इसके अलावा कार में वायरलेस फोन चार्जर के साथ अलग कूलिंग वेंट भी दिया गया है. ऑडियो सिस्टम को भी अपडेट किया गया है. इसमें Clarion का चार स्पीकर और दो ट्वीटर वाला सिस्टम मिलता है. कार में 9 इंच की टचस्क्रीन, मोनोक्रोम हेड-अप डिस्प्ले, रंगीन मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स पहले की तरह मौजूद हैं. पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए AC वेंट भी दिए गए हैं.
ADAS के साथ सेफ्टी पर भी फोकस
फेसलिफ्ट मॉडल की सबसे अहम खूबियों में लेवल 2 ADAS शामिल है. इस तकनीक के जरिए कार में कई ड्राइवर असिस्ट फीचर्स मिलते हैं. अभी तक सामने आई जानकारी में इसके सभी ADAS फीचर्स की पूरी लिस्ट नहीं दी गई है. इसके अलावा नई ग्लैंजा में टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम यानी TPMS भी दिया गया है. कार में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड मिलते हैं. साथ ही 360 डिग्री कैमरा, हिल होल्ड कंट्रोल और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं.
(ये भी पढ़ेंः फेस्टिव सीजन से पहले Royal Enfield का बड़ा झटका! चुपचाप महंगी हो गई देश की चहेती Classic 350; चेक करें नई कीमत)
मारुति बलेनो से मुकाबला
Toyota Glanza का प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन Maruti Suzuki Baleno से मिलता जुलता है. भारतीय मार्केट में इसका मुकाबला Hyundai i20, Hyundai i20 N Line और Tata Altroz जैसी कारों से होगा. फेसलिफ्ट के साथ टोयोटा ने ग्लैंजा के डिजाइन में मामूली बदलाव करते हुए इंजन की एफिशिएंसी, आराम और सेफ्टी फीचर्स पर ज्यादा ध्यान दिया है. नई कीमत और अपडेटेड फीचर्स के दम पर कंपनी प्रीमियम हैचबैक खरीदने वाले कस्टमर्स को लुभाने की कोशिश करेगी.
(ये भी पढ़ेंः Creta-Harrier को टक्कर देने आ गई MG की नई Hector Storm, लुक ऐसा कि सड़क पर हर किसी की नजर ठहर जाएगी! कीमत...)