App

'नमाज के बहाने पीछे बैठा और फिर कर दिया हमला', कैप्टन स्मित ने बताई कॉकपिट की कहानी; नेतन्याहू बोले-आप दुनिया के हीरो

Netanyahu-Captain Smit Conversation News: इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने 180 यात्रियों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित मच्छार की जमकर सराहना की है. उन्होंने कहा कि पायलट स्मित भारत, इजरायल और पूरी दुनिया के हीरो हैं.

'नमाज के बहाने पीछे बैठा और फिर कर दिया हमला', कैप्टन स्मित ने बताई कॉकपिट की कहानी; नेतन्याहू बोले-आप दुनिया के हीरो

Benjamin Netanyahu-Captain Smit Machar Conversation News: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को भारत, इजरायल और दुनिया का हीरो बताया है. नेतन्याहू के साथ बात करते हुए पायलट ने 30 सितंबर को हुई उस वीभत्स घटना का जिक्र किया, जब खून से लथपथ होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला. जिसके बाद बाहर मौजूद अंदर घुसकर हमलावर को-पायलट पर काबू पा सके.

नेतन्याहू को पूरी घटना विस्तार से बताते हुए पायलट स्मित ने कहा कि 30 सितंबर को वे रोजाना की तरह सामान्य उड़ान पर थे. कॉकपिट में उनके साथ ओमानी को-पायलट हम्मामी थे. जब उड़ान बीच रास्ते में थी तो हम्मामी ने कहा कि वह नमाज पढ़ना चाहता है. इस पर कैप्टन ने उसे अनुमति दे दी.

ओमानी को-पायलट ने पीछे से सिर में किया वार

कैप्टन ने कहा कि स्थानीय क्रू सदस्यों के बीच यह कोई असामान्य बात नहीं है. इसके बाद वह को-पायलट कॉकपिट में पीछे की ओर नमाज पढ़ने के लिए बैठ गया. करीब 4-5 मिनट बाद उन्हें सिर के पीछे एक तेज वार महसूस हुआ.

अचानक सिर में चोट लगते ही उन्हें लगा कि शायद विमान को कोई भारी नुकसान पहुंचा है. इसके बाद को-पायलट ने उन पर सिर, गर्दन और दूसरे हिस्से में कुल्हाड़ी से और वार किए. तब उन्हें एहसास हुआ कि हमलावर कॉकपिट में मौजूद सह-पायलट ही है.

खून से लथपथ होने के बावजूद खोल दिया दरवाजा

उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती वार से उनकी आंखों की रोशनी लगभग पूरी तरह से धुंधली हो गई थी. इसके बाद उन्होंने महसूस किया कि विमान तेजी से नीचे गिर रहा है. तब तक उनकी याददाश्त तेजी से कम हो रही थी.

इजरायली पीएम को पायलट स्मित ने बताया कि उनके दिमाग में अचानक आया कि अगर उन्होंने कुछ नहीं किया तो प्लेन में मौजूद सभी 180 यात्री मारे जाएंगे. इसके बाद खून से लथपथ होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने का फैसला किया. तब तक अंदर में हुए हमले की आहट बाहर यात्रियों को भी मिल चुकी थी और वे बाहर से चिल्ला रहे थे.

'आपने कॉकपिट का दरवाजा कैसे ओपन किया'

स्मित ने कहा कि इसके बाद नीचे गिरने पर भी उन्होंने किसी तरह खुद को दरवाजे की ओर धकेला और उसे खोल दिया. इसके बाद बाहर मौजूद लोग अंदर घुस गए और उन्होंने हालात कंट्रोल कर लिए. स्मित ने नेतन्याहू से कहा, 'सर, बाकी तो आप जानते ही हैं.'

नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से पूछा कि उन्होंने दरवाजा कैसे खोला? इस पर कैप्टन ने उन्हें समझाया कि कॉकपिट का दरवाजा अंदर से एक नॉब (घुंडी) को घुमाने से खुलता है. इस दरवाजे को बाहर से भी खोला जा सकता है लेकिन इसके लिए कोड डालना पड़ता है.

स्मित मच्छार ने कहा कि नॉब तक पहुंचना और उसे थोड़ा घुमाना सबसे अहम था. उसमें इसमें कोई पिन नहीं होती. जब वे ऐसा करने की कोशिश कर रहे थे, तब हमलावर ओमानी को-पायलट उस पर कुल्हाड़ी से वार कर रोकने की कोशिश कर रहा था.

'आपने एक दुनिया की भावना को बचाए रखा'

स्मित मच्छार की बात ध्यान से सुन रहे पीएम नेतन्याहू ने इस घटना को असाधारण बताया. उन्होंने कहा कि वे कैप्टन स्मित के साहस और असंभव परिस्थितियों में भी निर्णय लेने के उनके शांत संयम से चकित हैं. उन्होंने कहा कि स्मित के इस एक्शन की पूरी दुनिया में सराहना की जा रही है. इसने दुनिया की भावना को बचाए रखा है.

इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने कहा, 'इजरायल के अगले स्वतंत्रता दिवस पर उत्सव की मशाल जलाने के लिए वे कैप्टन समित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करना चाहते हैं. यह सम्मान आमतौर पर इजरायली नागरिकों के लिए आरक्षित होता है. इजरायल के सभी नागरिक आपको गले लगाएंगे. वे आपका आभार जताएंगे.'

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 30 सितंबर को हुई घटना

बताते चलें कि फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073,  30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही थी. तभी फ्लाइट में मौजूद ओमानी को-पायलट हम्मामी ने कैप्टन स्मित पर पीछे से हमला कर दिया. उसने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की.

घातक चोटों के बावजूद, कैप्टन मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे. जिसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों को अंदर घुसने का मौका मिल गया. इसके बाद को-पायलट को काबू करके विमान को सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया. वहां से बाद में यूएई के दूसरे प्लेन के जरिए यात्रियों को तेल अवीव पहुंचाया गया. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More