49 के राष्ट्रपति और 21 साल की दुल्हन: व्हाइट हाउस में दूल्हा बनने वाले इकलौते प्रेसिडेंट, कब-कब बजी यहां शहनाई?
क्या आप जानते हैं कि दुनिया जिसे बड़े-बड़े सियासी फैसलों का अड्डा मानती है, उसी व्हाइट हाउस में अब तक दर्जनों शादियां हो चुकी हैं. सबसे चर्चित शादी राष्ट्रपति ग्रोवर क्लीवलैंड की रही थी. आइए जानते हैं क्यों...
13 अक्टूबर... यह तारीख अमेरिका के लिए बहुत खास है. यह वही दिन है जब 1792 में उस इमारत की नींव पड़ी थी, जिसे आज पूरी दुनिया 'व्हाइट हाउस' के नाम से जानती है. पहले इसे 'एग्जीक्यूटिव मेंशन' कहा जाता था, लेकिन साल 1901 में राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट ने इसका नाम बदलकर 'व्हाइट हाउस' कर दिया. वॉशिंगटन डीसी की इस 'दूधिया इमारत' से कुछ ऐसे फैसले लिए गए, जिन्होंने दुनिया को हिला दिया, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सियासत का यह सबसे बड़ा केंद्र कई शादियों का गवाह भी रह चुका है?
व्हाइट हाउस में अब तक 19 शादियां आधिकारिक तौर पर दर्ज हैं, जबकि 4 ऐसी शादियां भी रहीं, जिनका वेडिंग रिसेप्शन प्रेसिडेंट्स हाउस में हुआ. यह जानकारी 'व्हाइट हाउस हिस्टोरिकल एसोसिएशन' ने अपनी वेबसाइट whitehousehistory.org पर दी है. यह एक प्राइवेट संस्था है, जो व्हाइट हाउस की पुरानी यादों और इतिहास को संजोकर रखती है. साल 1961 में फर्स्ट लेडी जैकलीन कैनेडी ने इस संस्था की शुरुआत की थी.
व्हाइट हाउस में जितनी भी शादियां हुई हैं, उनमें सबसे दिलचस्प कहानी उस राष्ट्रपति की है, जिसने प्रेसिडेंट की कुर्सी पर रहते हुए व्हाइट हाउस के अंदर ही शादी की थी, वो भी 27 साल छोटी लड़की से. आइए, नीचे विस्तार से जानते हैं.
जब 49 साल के प्रेसिडेंट ने 21 साल की लड़की से रचाई शादी
व्हाइट हाउस के अंदर शादी करने वाले राष्ट्रपति का नाम ग्रोवर क्लीवलैंड है, जिन्होंने 2 जून 1886 को अमेरिका के 22वें राष्ट्रपति रहते हुए व्हाइट हाउस के 'ब्लू रूम' में शादी की थी. वह अमेरिकी इतिहास के इकलौते ऐसे राष्ट्रपति हैं, जो पद पर रहते हुए व्हाइट हाउस के अंदर दूल्हा बने थे. उन्होंने फ्रांसिस फोल्सम से शादी की थी, जो उनसे उम्र में 27 साल छोटी थीं. शादी के वक्त क्लीवलैंड की उम्र 49 साल थी, जबकि फ्रांसिस महज 21 साल की थीं. इस तरह फ्रांसिस अमेरिकी इतिहास की सबसे युवा (यंगेस्ट) 'फर्स्ट लेडी' बनी थीं.
दिलचस्प है लव स्टोरी?
क्लीवलैंड और फ्रांसिस की लव स्टोरी भी बेहद दिलचस्प है. दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत पूरी फिल्मी लगती है, क्योंकि फ्रांसिस के पिता ऑस्कर फोल्सम, क्लीवलैंड के बेहद करीबी दोस्त और लॉ पार्टनर थे. जब फ्रांसिस का जन्म हुआ था, तब क्लीवलैंड 27 साल के थे. क्लीवलैंड उन्हें प्यार से 'फ्रैंक' कहकर बुलाते थे. बताया जाता है कि जब फ्रांसिस 11 साल की थीं, तब उनके पिता का एक सड़क हादसे में निधन हो गया. इसके बाद क्लीवलैंड ने लीगल गार्जियन बनकर उनकी पूरी परवरिश का जिम्मा संभाला.
धीरे-धीरे वक्त बीतता गया और फ्रांसिस कॉलेज जाने लगीं. यह वही वक्त था जब दोनों के बीच का रिश्ता प्यार में बदल गया. उस वक्त दुनिया को लग रहा था कि क्लीवलैंड शायद अपने दिवंगत दोस्त की विधवा से शादी करेंगे, लेकिन जब उन्होंने 21 साल की बेटी फ्रांसिस से शादी की तो हर कोई हैरान रह गया. आगे चलकर दोनों के 5 बच्चे हुए. उनकी दूसरी बेटी एस्थर, व्हाइट हाउस के बेडरूम में जन्म लेने वाली राष्ट्रपति की पहली संतान बनी थीं.
ग्रोवर क्लीवलैंड के नाम अनोखा रिकॉर्ड
ग्रोवर क्लीवलैंड अमेरिका के 22वें और 24वें राष्ट्रपति रहे. उनके नाम एक अनोखा रिकॉर्ड भी दर्ज है कि वह बीच में चुनाव हारने के बाद दोबारा राष्ट्रपति बने, यानी उन्होंने दो अलग-अलग कार्यकालों में देश की कमान संभाली. जब करीब 50 साल तक अमेरिकी सियासत में रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा था (अब्राहम लिंकन से लेकर विलियम हॉवर्ड टैफ्ट के दौर तक), तब उस पूरे दौर में चुनाव जीतने वाले क्लीवलैंड अकेले डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति थे.
व्हाइट हाउस में कब-कब बजी शहनाई?
प्रेसिडेंट क्लीवलैंड अकेले शख्स नहीं हैं, जिनकी शादी व्हाइट हाउस में हुई. यहां कई राष्ट्रपतियों के बच्चों, रिश्तेदारों और स्टाफ मेंबर्स की भी शादियां हुई हैं. नीचे उन 19 शादियों की लिस्ट है, जो आधिकारिक तौर पर दर्ज हैं:
- 29 मार्च 1812: लूसी पायने वाशिंगटन (फर्स्ट लेडी डॉली मैडिसन की बहन) और सुप्रीम कोर्ट जस्टिस थॉमस टॉड.
- 9 मार्च 1820: मारिया हेस्टर मुनरो (राष्ट्रपति जेम्स मुनरो की बेटी) और सैमुअल एल. गोवेर्न्यूर.
- 25 फरवरी 1828: जॉन एडम्स द्वितीय (राष्ट्रपति जॉन क्विंसी एडम्स के बेटे) और मैरी कैथरीन हेलेन.
- 10 अप्रैल 1832: मैरी एन ईस्टिन और लुसियस जे. पोल्क.
- 29 नवंबर 1832: मैरी ऐनी लुईस और अल्फोंस पेजियोट.
- 31 जनवरी 1842: एलिजाबेथ टायलर (राष्ट्रपति जॉन टायलर की बेटी) और विलियम वालर (ईस्ट रूम में).
- 21 मई 1874: नेली ग्रांट (राष्ट्रपति यूलिसिस एस. ग्रांट की बेटी) और अल्गरनॉन सारटोरिस (ईस्ट रूम में).
- 19 जून 1878: एमिली प्लैट (राष्ट्रपति रदरफोर्ड बी. हेस की भांजी) और जनरल रसेल हेस्टिंग्स (ब्लू रूम में).
- 2 जून 1886: राष्ट्रपति ग्रोवर क्लीवलैंड और फ्रांसिस फोल्सम (ब्लू रूम में सिटिंग प्रेसिडेंट की इकलौती शादी).
- 17 फरवरी 1906: एलिस ली रूजवेल्ट (राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट की बेटी) और निकोलस लॉन्गवर्थ (ईस्ट रूम में).
- 25 नवंबर 1913: जेसी वुडरो विल्सन (राष्ट्रपति वुडरो विल्सन की बेटी) और फ्रांसिस बोवेस सायरे (ईस्ट रूम में).
- 7 मई 1914: एलेनॉर रैंडोल्फ विल्सन (राष्ट्रपति वुडरो विल्सन की बेटी) और वित्त मंत्री विलियम गिब्स मैकडू (ब्लू रूम में).
- 7 अगस्त 1918: एलिस विल्सन (राष्ट्रपति वुडरो विल्सन की भतीजी) और रेवरेंड इसहाक स्टुअर्ट मैकएलरॉय जूनियर.
- 30 जुलाई 1942: हैरी हॉपकिन्स (एफडी रूजवेल्ट के एडवाइजर) और लुईस गिल मैसी (ओवल रूम में).
- 9 दिसंबर 1967: लिंडा बर्ड जॉनसन (राष्ट्रपति लिंडन बी. जॉनसन की बेटी) और कैप्टन चार्ल्स एस. रॉब (ईस्ट रूम में).
- 12 जून 1971: ट्रिसिया निक्सन (राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की बेटी) और एडवर्ड फिंच कॉक्स (रोज गार्डन में).
- 28 मई 1994: एंथनी रोधम (हिलेरी क्लिंटन के भाई) और निकोल बॉक्सर (रोज गार्डन में).
- 19 अक्टूबर 2013: पीट सूजा (व्हाइट हाउस के चीफ फोटोग्राफर) और पट्टी लीज (रोज़ गार्डन में).
- 19 नवंबर 2022: नाओमी बाइडेन (राष्ट्रपति जो बाइडेन की पोती) और पीटर नील (साउथ लॉन में).
ये भी पढ़ें: किम का नया ट्रेलर: नॉर्थ कोरिया ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, खौफ में आया सियोल; अलर्ट पर सेना