चीन को एनवीडिया की चिप पहुंचाने का शक, ट्रंप के करीबी लुटनिक की कुर्सी पर भी लटक रही तलवार! जासूसी कांड ने बढ़ाई मुश्किलें
दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इस बीच अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक की कुर्सी भी खतरे में नजर आ रही है. हालांकि, लुटनिक को राष्ट्रपति ट्रंप का करीबी माना जाता है.
दुनिया की दिग्गज कंपनियों की लिस्ट में ऊपर एनवीडिया इस समय चर्चा का केंद्र बनी है. एनवीडिया के सीईओ और सह- संस्थापक जेंसन हुआंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया. करीब 33 साल पहले इस कंपनी ओर हुआंग ने अपने साथियों के साथ मिलकर शुरू किया था. इस इस्तीफे की वजह निजी जिंदगी से जुड़े दो अलग-अलग रिश्तों की खबरें सार्वजनिक होना है. एनवीडिया मामले ने अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर हलचल पैदा कर दी है.
इस बीच एक नई चर्चा की जा रही है कि एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़े कथित चीनी जासूसी स्कैंडल के नतीजों के बीच कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक को हटाया जाए या नहीं. बताया जाता है कि अमेरिका के वाणिज्य मंत्री लुटनिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी है. नई चर्चा आने के बाद माना जा रहा है कि चीनी जासूसी मामले में लुटनिक की कुर्सी पर तलवार लटक रही है.
क्या वाणिज्य मंत्री को हटाएगा व्हाइट हाउस?
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी इस बात पर विचार कर रहे हैं क्या एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़ी कथित जासूसी स्कैंडल के नतीजों के बीच वाणिज्य मंत्री हार्व लुटनिक को हटाया जाए या नहीं. वहीं, सांसदों ने चीन को AI चिप एक्सपोर्ट पर रोक लगाने और चीनी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने में नाकाम रहने के लिए लुटनिक की आलोचना भी की है. इधर, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने दावा किया कि ट्रंप को लुटनिक पर पूरा भरोसा है.
वाणिज्य मंत्री और वित्त मंत्री में टकराव
द न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाल में ही अमेरिका में चीन को अत्याधुनिक चिप की आपूर्ति को लेकर ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद देखने को मिले थे. दावा किया गया कि अमेरिका वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक से इस मुद्दे पर सवाल किए.
पिछले हफ्ते व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में दोनों मंत्रियों के बीच इस मामले पर तीखी बहस भी देखने को मिली. दावा है कि वित्त मंत्री इस बात से नाराज थे कि वाणिज्य विभाग एनवीडिया की ग्राहक कंपनी मेगास्पीड को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा नहीं मान रहा है और इसको प्रतिबंधित करने से बच रहा है.
जांच में सहयोग के लिए तैयार हुए हुआंग
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेन्सेन हुआंग इस पूरे कांड में अमेरिकी कांग्रेस समितियों के सामने गवाही देने के लिए तैयार हो गए हैं. रिपब्लिकन सांसद चिप निर्माता कंपनी से जुड़े संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी मुद्दों की जांच तेज कर रहे हैं. प्रतिनिधि सभा के रिपब्लिकन नेता हुआंग और एनवीडिया के साथ प्रमुख कांग्रेस समितियों के समक्ष एक बंद कमरे में ब्रीफिंग के लिए बातचीत कर रहे हैं, जो संभवतः अगले हफ्ते की शुरुआत में हो सकती है.
विवादों में एनवीडिया के पूर्व सीईओ
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेंसन हुआंग अपनी निजी जिंदगी से जुड़े दो अलग-अलग रिश्तों की खबरें सार्वजनिक होने के बाद विवादों में घिर गए हैं. इसके कारण उन्हें कंपनी से इस्तीफा भी देना पड़ा. आरोप है कि जिन महिलाओं के साथ वह कथित तौर पर रिश्ते में थे, उनमें एक महिला को अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीनी जासूस के तौर पर देख रही हैं. वहीं,दूसरी महिला एनवीडिया की ही अधिकारी बताई गई है, जो सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थी. इस घटना ने व्यापारक विश्वसनीयता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: कॉन्सर्ट किस से लेकर ऑफिस रोमांस तक... जब निजी रिश्तों ने छीन ली इन 7 पावरफुल CEOs की कुर्सी!