समंदर के नीचे अमेरिका की जासूसी! ईरान का दावा- होर्मुज में दूसरा अमेरिकी अंडरवाटर ड्रोन पकड़ा
ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने होर्मुज में अमेरिकी नौसेना के REMUS 600 अंडरवॉटर ड्रोन को पकड़ लिया है, जिससे अमेरिका-ईरान तनाव और बढ़ गया है.
US-Iran Tension: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि होर्मुज में अमेरिकी नौसेना के एक ऑटोनॉमस अंडरवाटर व्हीकल को पकड़ लिया गया है. IRGC ने REMUS 600 ऑटोनॉमस अंडरवॉटर व्हीकल को पकड़ा है. IRIB ने रविवार को IRGC के आधिकारिक बयान के हवाले से यह जानकारी दी.
IRGC के मुताबिक, ये कार्रवाई अमेरिकी सैन्य बलों से जुड़े एक 'दूसरे सबसर्फेस' प्लेटफॉर्म के खिलाफ की गई है. ईरानी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि Remus 600 का इस्तेमाल होर्मुज में जासूसी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था. IRGC नौसेना ने कहा कि इस अभियान को सैन्य खुफिया निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमताओं की मदद से एक 'समन्वित और जटिल ऑपरेशन' के तहत अंजाम दिया गया है.
'खतरनाक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगे'
ईरानी बयान के मुताबिक, पकड़ा गया प्लेटफॉर्म Remus 600 एक एडवांस और स्वायत्त मानवरहित अंडरवॉटर व्हीकल है. IRGC ने कहा कि वाहन को अब उसके विशेषज्ञों को सौंप दिया गया है, जो इसके सिस्टम की जांच करने और उसमें मौजूद जानकारी और डेटा को हासिल करने का प्रयास करेंगे. IRGC नौसेना ने होर्मुज को लेकर अपना कड़ा रुख दोहराते हुए दावा किया कि जलमार्ग बंद है. वह क्षेत्र में 'खतरनाक गतिविधियों और अनधिकृत आवाजाही' के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगे.
IRGC के बयान में कहा गया कि होर्मुज बंद है और ईरानी नौसेना जलमार्ग में अनधिकृत या खतरनाक आवाजाही के खिलाफ 'मजबूत और लगातार' कार्रवाई कर रही है.
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ा टकराव
ये दावा ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने रविवार को कहा कि तेहरान अमेरिका और इजरायल के सामने पीछे नहीं हटेगा. संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के बाद न्यूयॉर्क से लौटे पेजेशकियन का एयरपोर्ट पर समर्थकों ने स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान मजबूती के साथ खड़ा रहेगा और अपने लोगों की सेवा करता रहेगा.
ईरानी सशस्त्र बलों के वरिष्ठ प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेकारची ने भी अमेरिकी हस्तक्षेप को लेकर चेतावनी दी. शेकारची ने अमेरिका को होर्मुज के प्रबंधन में हस्तक्षेप न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अमेरिका हस्तक्षेप करता है तो उसे ईरानी सशस्त्र बलों की प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा.
ईरान ने रखा था 7 दिन के सीजफायर का प्रस्ताव
इससे पहले राष्ट्रपति पेजेशकियन और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका यात्रा के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर सात दिन का एक रोडमैप प्रस्तावित किया था. प्रस्ताव का उद्देश्य क्षेत्र में जारी लड़ाई को रोकना और होर्मुज को दोबारा खोलना था.