)
World News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एकबार फिर मीडिया के साथ टकराव देखने को मिला है. शनिवार ( 26 सितंबर 2026) को एक पत्रकार ने उनसे व्हाइट हाउस में मीडिया की पहुंच पर लगे प्रतिबंधों के बारे में सवाल किया था, जिसको लेकर ट्रंप झेंप गए.
'MS नाऊ' की पत्रकार अकायला गार्डनर ने शनिवार ( 26 सितंबर 2026) को व्हाइट हाउस के बाहर ट्रंप से पूछा कि क्या वह केवल उन्हीं मीडिया ऑर्गनाइजेशन्स को राष्ट्रपति के प्रेस कोर का हिस्सा बनाना चाहते हैं, जो उनका समर्थन करते हैं. उन्होंने पूछा,'सर, क्या आप प्रेस टीम में केवल उन्हीं मीडिया संस्थानों को शामिल करना चाहते हैं जो आपका समर्थन करते हैं?' इसपर ट्रंप ने जवाब दिया,' मुझे असली खबरें चाहिए, तुम्हारे जैसी फर्जी खबरें नहीं.' उन्होंने बहस के दौरान गार्डनर को चुप रहो भी कहा.
व्हाइट हाउस में 'CNN', 'MS नाऊ' और 'पॉलिटिको' पर लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद गार्डनर ने इस हफ्ते व्हाइट हाउस के पास रिपोर्टिंग जारी रखी. ट्रंप ने भी प्रेस फ्रीडम का समर्थन किया, लेकिन उन मीडिया आउटलेट्स की आलोचना की जिन्हें वे अपने प्रशासन के दुश्मन मानते हैं. उन्होंने कहा,' सुनिए, मुझे सच्ची खबरें चाहिए. मुझे एक खुला और फ्री प्रेस पसंद है, लेकिन मुझे फर्जी प्रेस पसंद नहीं है, जैसे CNN जैसा ग्रुप, जिसे कुछ ही लोग देखते हैं या 'MS DNC', जिसका नाम बदलकर शायद नाऊ कर दिया गया है. आप जानते हैं कि उन्होंने इसे क्यों बदला, क्योंकि उनकी रेटिंग बहुत खराब थी.' ' ट्रंप ने आगे कहा,' मुझे फर्जी खबरें पसंद नहीं हैं और ये खबरें 100 प्रतिशत फर्जी हैं. मुझे संदेह है कि 2 साल में उन्होंने मेरे बारे में एक भी अच्छी खबर प्रकाशित की होगी, जबकि मैंने भारी बहुमत से चुनाव जीता.'
ट्रंप ने शनिवार ( 26 सितंबर 2026) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में 'CNN' और 'MS नाऊ' की आलोचना भी की. उन्होंने लिखा,' 'CNN' और 'MDNSC' जैसे फर्जी खबरें फैलाने वालों को व्हाइट हाउस जैसी पवित्र जगह तक पहुंचने की इजाजत क्यों दी जानी चाहिए? मेरी बड़ी चुनावी जीत के बावजूद मुझसे जुड़ी लगभग 100 प्रतिशत खबरें निगेटिव हैं और यह सिलसिला कई सालों से चल रहा है.'
ट्रंप और मीडिया आउटलेट्स के बीच यह टकराव 'CNN','MS नाऊ' और 'पॉलिटिको' की ओर से व्हाइट हाउस से बाहर रखे जाने के विरोध में ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा दायर करने के कुछ दिनों बाद हुआ. मीडिया आउटलेट्स ने इन प्रतिबंधों को प्रथम संशोधन का साफ उल्लंघन बताया था. ट्रंप की ओर से नियुक्त किए गए एक जज ने गुरुवार ( 24 सितंबर 2026) को इस बैन को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया और आदेश दिया कि मामले की सुनवाई जारी रहने तक तीनों मीडिया आउटलेट्स के पत्रकारों के व्हाइट हाउस पास बहाल कर दिए जाएं.