App

महाभियोग की कोशिश बेकार, हेगसेथ की कुर्सी बरकरार: ट्रंप ने पेंटागन चीफ को बताया महान देशभक्त, धरी रह गई विपक्ष की उम्मीदें

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बड़ी राहत मिली है. हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के प्रस्ताव को रिपब्लिकन सदस्यों ने 211-204 के वोट से ज्यूडिशियरी कमिटी के पास भेजने का फैसला किया. डेमोक्रेट्स ने कहा है कि यह बस एक शुरुआत है.

महाभियोग की कोशिश बेकार, हेगसेथ की कुर्सी बरकरार: ट्रंप ने पेंटागन चीफ को बताया महान देशभक्त, धरी रह गई विपक्ष की उम्मीदें
Image Credit: पीट हेगसेथ की कुर्सी बच गई.(फोटो- रॉयटर्स)

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बड़ी राहत मिली है. हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश नाकाम साबित हुई. मंगलवार (स्थानीय समय) को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में रिपब्लिकन सदस्यों ने 211-204 के वोट से इस प्रस्ताव को ज्यूडिशियरी कमिटी के पास भेजने का फैसला लिया. इससे विपक्ष को बड़ा झटका लगा है. हालांकि, ड्रेमोक्रेट्स का कहना है कि ये अभी शुरुआत है.

दरअसल, हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने पेश किया था. वह एक मात्र रिपब्लिकन सांसद रहे, जिन्होंने इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया.  प्रस्ताव को ज्यूडिशियरी कमिटी में भेजने के फैसले के बाद महाभियोग के आठ बिंदुओं संसद में मतदान की प्रक्रिया रुक गई. इस मामले पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी को लूजर करार दिया. ट्रंप ने हेगसेथ को सच्चा अमेरिकी देशभक्त करार दिया है. 

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर कहा कि युद्ध सचिव पीट हेगसेथ पर महाभियोग चलाने की डेमोक्रेट्स की कोशिश बुरी तरह विफल रही है! थॉमस मैसी (जो एक बड़े लूजर हैं) को छोड़कर, हर एक रिपब्लिकन ने पीट के पक्ष में वोट दिया.

ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला और ईरान में जीत, सेना के इतिहास में सबसे अच्छी भर्ती संख्या और पहले कभी न देखी गई ऐसी जोश भरी भावना, इन सबने मिलकर एक महान अमेरिकी देशभक्त को दोषमुक्त किया है. बता दें कि इससे पहले सीएनएन से बात करते हुए ट्रंप ने कहा था कि  वह अपने कैबिनेट सहयोगी के साथ खड़े रहेंगे, भले ही प्रतिनिधि सभा उनके खिलाफ महाभियोग के पक्ष में वोट दे दे.

पेंटागन ने कहा- ये हमारी जीत

पीट हेगसेथ के खिलाफ गिरे प्रस्ताव पर अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने इस फैसले का स्वागत किया और उन्होंने इसको टोटली विक्ट्री यानी पूरी तरीके से जीत करार दिया. सीन पार्नेल ने एक्स पर लिखा कि महाभियोग के इन निराधार प्रस्तावों का हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के पास जाना हमारी बड़ी जीत है. पेंटागन प्रवक्ता ने कहा कि यह पीट हेगसेथ और युद्ध विभाग और अमेरिकी सैनिकों की जीत है.

क्यों कठिन है आगे का रास्ता

मंगलवार को भले ही आठ सूत्रीय मांग वाले प्रस्ताव पर वोटिंग से पीट हेगसेथ को राहत मिल गई हो, लेकिन आगे की राह आसान नहीं रहने वाली है. आने वाले कुछ समय में नई प्रतिनिधि सभा और सीनेट शपथ लेने वाली है. इन दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स को बहुमत मिला है. ऐसे में आने वाले समय में कई परेशानियों ट्रंप प्रशासन के सामने आ सकती हैं. मौजूदा हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम जेफरीज ने कहा कि मामला अभी खत्म नहीं हुआ है.

बता दें कि जेफरीज स्पीकर पद के भी मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हेगसेथ के मुद्दे पर सदन में जो भी हुआ, उस पर मेरी अपनी टीम से कोई बात नहीं हुई. हालांकि, ये इस मामले का अंत नहीं है. यह केवल एक शुरुआत है. (इनपुट- एएनआई)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More