ईरान पर अमेरिका की बड़ी सैन्य कार्रवाई, आधी रात को दहल उठा होर्मोजगन, ट्रंप बोले- जब चाहूं जीत सकता हूं युद्ध
अमेरिका ने एक बार फिर से ईरान पर बड़ी सैन्य कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक, आधी रात को ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगन पर हमला किया है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध को जीतने का दावा किया है.
अमेरिका ने एक बार फिर से ईरान पर बड़ी सैन्य कार्रवाई की है. आधी रात को अमेरिका के अटैक से ईरान के कई शहर दहल उठे. जानकारी के मुताबिक, ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगन पर हमला किया. ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी IRNA ने पुष्टि की है. ईरानी मीडिया ने हमले के कुछ देर बाद ही एक्स पर एक ट्वीट करके कहा कि कुछ ही मिनट पहले होर्मोज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मूज) के पास स्थित सिरिक में हमला हुआ है.
ट्रंप ने किया युद्ध जीतने का दावा
ईरान पर अटैक के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध को जीतने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि हम एक युद्ध जीतने की प्रक्रिया में हैं. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ पर लिखा कि आप जानते हैं कि मैं जब भी चाहूं तो इसे जीत सकता हूं. उन्होंने आगे लिखा कि हम लगभग किसी भी समय इस लड़ाई को जीत सकते हैं. गुरुवार रात को हुई सैन्य कार्रवाई को लेकर ट्रंप ने कहा कि मैंने जो किया है, उसका समय बहुत महत्वपूर्ण है.
हमले से पहले ईरान को दी थी चेतावनी
इससे पहले ट्रंप ने ईरान से समझौता करने से साफ इनकार कर दिया था. उन्होंने कहा था कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है. उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर तेहरान ने अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. उन्होंने कहा था कि अगर हालात खराब होते हैं, तो वे सैन्य बल का इस्तेमाल करने से बिल्कुल नहीं हिचकिचाएंगे. ईरानी नेतृत्व पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा था कि वहां की सत्ता अब कमजोर हो गई है. होर्मुज जलडमरूमध्य के मामले में खाड़ी पर हमारा नियंत्रण है. हमारा इस पर पूरा नियंत्रण है.
क्या परमाणु नीति में बदलाव करेगा ईरान?
उधर, ईरान में अब एनपीटी (परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने वाली संधि) से बाहर निकलने की मांग उठने लगी है. बीबीसी के मुताबिक, ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स में देश की रक्षा नीति की समीक्षा करने की मांग उठी है. विशेषज्ञ सभा ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर ईरान पर दोबारा हमला होता है, तो देश की सशस्त्र सेनाएं तुरंत और प्रभावी तरीके से जवाब देंगी. हालांकि, अमेरिका ने इस चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मूज पर फिर से हमला किया है.