SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

व्हाइट हाउस में ट्रंप-शी शिखर वार्ता... शी जिनपिंग से मिलते ही बदले ट्रंप के तेवर, बोले- 'अब जो होगा दुनिया देखती रह जाएगी!'

शी जिनपिंग से बंद कमरे में बात करते ही डोनाल्ड ट्रंप के तेवर ऐसे बदले कि दुनिया हैरान रह गई. एक तरफ बाइडन को 'ऑटोपेन' बताकर सरेआम मजाक उड़ाया, तो दूसरी तरफ चीन से गहरी दोस्ती का दावा किया.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Sep 25, 2026, 10:25 PM IST | Updated: Sep 25, 2026, 10:49 PM IST
Image Credit: व्हाइट हाउस में ट्रंप-शी शिखर वार्ता
Join

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद बड़ा बयान दिया है. व्हाइट हाउस में दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई, जिसे ट्रंप ने बेहद फलदायी करार दिया. उन्होंने दावा किया कि इस बैठक के बाद अब अमेरिका और चीन के लिए कुछ बहुत बड़ा और शानदार होने जा रहा है. व्हाइट हाउस में शी जिनपिंग से मिलने के बाद ट्रंप काफी उत्साहित दिखे. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, 'राष्ट्रपति शी के साथ हुई यह मुलाकात अमेरिका और चीन, दोनों के लिए बेहद फायदेमंद रही है. आगे बहुत ही जबरदस्त चीजें होने वाली हैं.'

ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिक्र करते हुए कहा कि शी जिनपिंग इस तकनीक को 'सुपर इंटेलिजेंस' कहने की उनकी प्राथमिकता से सहमत दिखे. ट्रंप ने पोस्ट में लिखा, 'ज्यादातर लोगों की तरह शी जिनपिंग को भी यह बात पसंद आई कि 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' की जगह इसे ज्यादा सटीक और असरदार नाम 'सुपर इंटेलिजेंस' कहा जाए. वास्तव में यह तकनीक सुपर होगी और बीती रात सभी पक्ष इस पर पूरी तरह सहमत थे.'

'हमारे बीच गहरी दोस्ती कायम हो चुकी है' 

व्हाइट हाउस ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच विकसित हुए नए समीकरणों का जिक्र करते नजर आए. ट्रंप ने कहा, 'राष्ट्रपति शी और मेरे बीच अब एक बहुत अच्छी दोस्ती कायम हो चुकी है. सच कहूं तो यह एक ऐसी दोस्ती है जो हमारे लोगों के आपसी सम्मान और एक-दूसरे के अहम हितों पर पूरी तरह आधारित है.'

जो बाइडन पर कसा तंज, कहा- 'यह ऑटोपेन है'

जिनपिंग के दौरे के दौरान दोनों नेताओं का एक हल्का-फुल्का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. व्हाइट हाउस के 'प्रेसिडेंशियल वॉक ऑफ फेम' के दौरे पर जब दोनों नेता पूर्व राष्ट्रपतियों की तस्वीरों के पास से गुजरे, तो ट्रंप ने जो बाइडन की तस्वीर की तरफ इशारा करते हुए चुटकी ली. उन्होंने बाइडन को 'ऑटोपेन' (दस्तावेजों पर अपने आप दस्तखत करने वाली मशीन) कहकर संबोधित किया और कहा, 'यह ऑटोपेन है... यह बाइडन हैं.'

बैठक में क्या हुआ?

ट्रंप और जिनपिंग के बीच हुई मीटिंग में दोनों देशों के बीच जारी ट्रेड वॉर पर दो महीने के लिए और रोक लगाने पर सहमति बनी है. इससे दोनों पक्षों की टीमों को बैठकर एक बड़े और ठोस समझौते तक पहुंचने का और वक्त मिल जाएगा.

भले ही दो महीने की मोहलत मिल गई हो, लेकिन टैरिफ (इम्पोर्ट ड्यूटी), चीन द्वारा अमेरिकी सामानों की खरीद, दुर्लभ खनिजों की सप्लाई और चीन को अमेरिकी तकनीक बेचने पर लगी पाबंदियों जैसे पुराने विवाद अब भी पूरी तरह सुलझे नहीं हैं. हालांकि, ट्रंप ने बातचीत को आगे बढ़ता बताते हुए कहा कि इससे अमेरिकी किसानों और पशुपालकों के लिए चीन के बाजार में अपना माल बेचने का रास्ता साफ होने की अच्छी उम्मीद जगी है.

3 दिन का दौरा 25 सितंबर को समाप्त हुआ

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 सितंबर यानी बुधवार को अपने तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर अमेरिका गए थे, जिसका समापन 25 सितंबर यानी शुक्रवार को हुआ. व्हाइट हाउस में शानदार स्टेट डिनर के बाद अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव पर जिनपिंग, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अमेरिकी राष्ट्रीय अभिलेखागार पहुंचे. इसके साथ ही उनका यह दौरा पूरा हो गया.

ये भी पढ़ें: ‘आजाद उड़ान’ का अमेरिकी संदेश: शी को ट्रंप का बाल्ड ईगल गिफ्ट, लाल रंग में सजा व्हाइट हाउस और मेन्यू में खास डिशेस
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES